पंचायत चुनाव 2025 की मतगणना से पूर्व पुलिस बल अलर्ट मोड में, अधिकारियों ने की ब्रीफिंग

पंचायत चुनाव 2025 की मतगणना से पूर्व पुलिस बल अलर्ट मोड में, अधिकारियों ने की ब्रीफिंग
Spread the love

नैनीताल। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के तहत 31 जुलाई को होने वाली मतगणना को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतगणना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी ब्लॉकों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। मतगणना ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य निर्वहन हेतु ब्लॉक प्रभारियों द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश और ब्रीफिंग दी गई।

दिनांक 31 जुलाई 2025 को जनपद के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़, बेतालघाट, कोटाबाग, हल्द्वानी, भीमताल और रामनगर ब्लॉकों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 की मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रहलाद नारायण मीणा, नैनीताल द्वारा सभी संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में आज जिले के विभिन्न ब्लॉकों में मतगणना ड्यूटी में तैनात सुरक्षा कर्मियों को ब्लॉक प्रभारी पुलिस अधिकारियों द्वारा ब्रीफ किया गया।

ओखलकांडा में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, हल्द्वानी में एसपी सिटी एवं निर्वाचन नोडल अधिकारी श्री प्रकाश चंद्र, रामगढ़ में सीओ भवाली श्री प्रमोद कुमार साह, कोटाबाग में सीओ हल्द्वानी श्री नितिन लोहनी, भीमताल में सीओ लालकुआं श्रीमती दीपशिखा अग्रवाल तथा रामनगर में सीओ श्री सुमित पांडे द्वारा संबंधित क्षेत्र के सुरक्षा बल को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। ब्रीफिंग में पुलिस अधिकारियों ने निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार आदर्श आचार संहिता के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल देते हुए सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निर्वहन के निर्देश दिए।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 की मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए कुल 1067 पुलिस बल तैनात किए गए हैं, जिनमें 07 राजपत्रित अधिकारी, 19 निरीक्षक/थानाध्यक्ष, 104 उपनिरीक्षक/अपर उपनिरीक्षक, 116 हेड कांस्टेबल, 481 कांस्टेबल तथा 360 होमगार्ड शामिल हैं। इसके अलावा, स्ट्रांग रूमों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पीएसी और सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है।

देवभूमि खबर

Related articles