मतगणना को लेकर टिहरी पुलिस सतर्क: SSP आयुष अग्रवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुलिस बल को दिए निर्देश

मतगणना को लेकर टिहरी पुलिस सतर्क: SSP आयुष अग्रवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुलिस बल को दिए निर्देश
Spread the love

टिहरी।त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 की मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से टिहरी जनपद में पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में 30 जुलाई 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) टिहरी गढ़वाल श्री आयुष अग्रवाल द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलेभर के पुलिस अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।

मतगणना के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के सभी 9 विकासखंडों में नियुक्त पुलिस बल को दो पालियों में विशेष रूप से ब्रीफिंग दी जाएगी। SSP ने निर्देशित किया कि प्रत्येक थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में मतगणना ड्यूटी पर तैनात जवानों को मतगणना स्थल की संवेदनशीलता, ड्यूटी का दायरा और संभावित चुनौतीपूर्ण स्थितियों के बारे में स्पष्ट रूप से जानकारी दें।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मतगणना स्थलों पर ज्वलनशील पदार्थ जैसे बीड़ी, सिगरेट, माचिस, लाइटर आदि और मोबाइल फोन लेकर प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। साथ ही मतगणना स्थल के बाहर सड़क पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्थित पार्किंग न हो, इसके लिए पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने निर्देश दिया कि केवल अधिकृत पास धारकों को ही मतगणना स्थल में प्रवेश की अनुमति दी जाए। पार्टी एजेंट, मीडिया प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिकों को उनके लिए निर्धारित स्थान पर ही बैठाया जाए। मीडिया कर्मियों को भी प्रवेश तभी दिया जाए जब उनके पास अधिकृत पास हो।

एक अन्य महत्वपूर्ण निर्देश में SSP ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा विजय जुलूस की अनुमति नहीं दी गई है, इसलिए किसी भी प्रत्याशी या समर्थक द्वारा विजय रैली या जुलूस निकालने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सभी पुलिसकर्मियों को मतगणना स्थल पर प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वय में कार्य करने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।

इस अवसर पर SSP ने सभी प्रत्याशियों से संयम बरतने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को सहयोग देने की अपील की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अपर पुलिस अधीक्षक श्री जे.आर. जोशी, सीओ टिहरी श्रीमती ओशिन जोशी, सीओ चंबा श्री महेश लखेड़ा, अग्निशमन अधिकारी श्री संजीवा कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles