HTML tutorial
HTML tutorial

उत्तराखंड में शीघ्र गठित होगा राज्य विद्यालय मानक प्राधिकरण:  डॉ. धन सिंह रावत

उत्तराखंड में शीघ्र गठित होगा राज्य विद्यालय मानक प्राधिकरण:  डॉ. धन सिंह रावत
Spread the love

देहरादून।राज्य में विद्यालय शिक्षा व्यवस्था को गुणवत्ता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तराखंड सरकार शीघ्र ही राज्य विद्यालय मानक प्राधिकरण (SSSA) का गठन करने जा रही है। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मंगलवार को विधानसभा स्थित सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी।

डॉ. रावत ने बताया कि SSSA के गठन से प्रदेश के विद्यालयों में शैक्षिक मानक निर्धारित करने में सहायता मिलेगी। यह प्राधिकरण न केवल स्कूलों की मान्यता प्रक्रिया को पारदर्शी बनाएगा, बल्कि कक्षा-कक्ष के मानक, सीखने के लक्ष्यों और विद्यालयों की कार्यप्रणाली में भी व्यापक सुधार सुनिश्चित करेगा। निजी और सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में संतुलन लाना इसका मुख्य उद्देश्य होगा।

बैठक में शिक्षा मंत्री ने यह भी घोषणा की कि कक्षा-1 में न्यूनतम 6 वर्ष की आयु सीमा पूरी न करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए बालवाटिका-3 का संचालन किया जाएगा। अब तक ऐसे बच्चे आंगनबाड़ी से बाहर होकर विद्यालय में प्रवेश के योग्य नहीं हो पाते थे, जिससे उनकी प्रारंभिक शिक्षा प्रभावित होती थी। बालवाटिका-3 उनके लिए एक सेतु की तरह काम करेगी।

शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुसार कक्षा 1 से 8 तक का पाठ्यक्रम शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि 70% राज्य-स्तरीय सामग्री और 30% राष्ट्रीय कंटेंट के अनुपात में पाठ्यक्रम का निर्माण हो, और यह कार्य दो माह की समयसीमा में पूर्ण किया जाए। पाठ्यक्रम निर्माण में हो रही देरी पर उन्होंने अधिकारियों को जमकर फटकार भी लगाई।

बैठक में प्रदेश के क्षतिग्रस्त विद्यालय भवनों के संबंध में भी चर्चा हुई। मंत्री ने बताया कि लगभग 150 विद्यालयों की मरम्मत हेतु आपदा मद से ₹30 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक जिलाधिकारी को आपदा न्यूनीकरण मद से प्रति विद्यालय ₹2 लाख तक की धनराशि खर्च करने की अनुमति भी दी गई है। इस कार्य की निगरानी के लिए विभागीय सचिव की अध्यक्षता में एक मानिटरिंग कमेटी गठित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में विद्यालयी शिक्षा सचिव श्री रविनाथ रमन, अपर सचिव रंजना राजगुरु, उप सचिव अनिल पांडे, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती, निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय नौडियाल, समग्र शिक्षा के एपीडी कुलदीप गैरोला एवं पदमेन्द्र सकलानी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles