प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किश्त 2 अगस्त को होगी जारी, रुद्रप्रयाग में व्यापक तैयारी शुरू

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किश्त 2 अगस्त को होगी जारी, रुद्रप्रयाग में व्यापक तैयारी शुरू
Spread the love

रुद्रप्रयाग। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी आगामी 2 अगस्त 2025 को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (पीएम-किसान) की 20वीं किश्त लाभार्थियों को प्रदान करेंगे। यह आयोजन उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद के सेवापुरी विकासखंड के ग्राम बनोली से राष्ट्रीय स्तर पर प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक एक भव्य कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया जाएगा। इसके तहत जनपद रुद्रप्रयाग में भी योजनागत तैयारियां जोरों पर हैं।

इसी क्रम में जिलाधिकारी प्रतीक जैन की अध्यक्षता में जिला कार्यालय स्थित एनआईसी सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के सफल क्रियान्वयन, प्रचार-प्रसार और किसानों की भागीदारी को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद की प्रत्येक न्याय पंचायत में किसान गोष्ठियों का आयोजन किया जाए, ताकि अधिकतम पात्र लाभार्थियों को योजना की जानकारी मिल सके और वे लाभ उठा सकें। मुख्य कार्यक्रम विकास भवन, रुद्रप्रयाग में आयोजित किया जाएगा।

बैठक के दौरान मुख्य कृषि अधिकारी लोकेन्द्र बिष्ट ने बताया कि जिन किसानों ने भूमि शिड्यूलिंग, बैंक केवाईसी और आधार बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण पूरा कर लिया है, उन्हें किस्तें नियमित रूप से मिल रही हैं। नए पात्र लाभार्थियों के लिए भी इन प्रक्रियाओं को पूरा करना अनिवार्य किया गया है।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि गोष्ठियों में कृषि यंत्रों की जानकारी, उन्नत बीजों का प्रदर्शन और वैज्ञानिक खेती की तकनीक पर प्रशिक्षण भी दिया जाए ताकि किसानों की आय में वास्तविक बढ़ोतरी हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि ग्राम स्तर पर चयनित पंचायत सदस्यों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष रावत, मत्स्य निरीक्षक गणेश अग्रवाल, रेशम विभाग प्रभारी पंकज नौटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles