अस्कोट पुलिस और SDRF की तत्परता से खाई में गिरी कार के तीन घायल सवारों की बची जान
पिथौरागढ़। जनपद पिथौरागढ़ के अस्कोट क्षेत्र में पुलिस और SDRF की मुस्तैदी ने एक बड़ा हादसा टाल दिया। 31 जुलाई 2025 की देर रात जौलजीबी से डीडीहाट की ओर जा रही एक कार (संख्या UK05E 9126) अस्कोट कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत बिरखम नामक स्थान पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अस्कोट श्री सुरेश कम्बोज के नेतृत्व में पुलिस टीम तथा SDRF की रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों सहित तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। खतरनाक और दुर्गम भू-भाग में, वह भी रात्रि के समय जोखिम उठाकर टीम ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान वाहन में सवार तीनों घायल व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और त्वरित उपचार हेतु अस्पताल पहुँचाया गया, जिससे उनकी जान बचाई जा सकी। पुलिस और SDRF की इस त्वरित, साहसिक और समन्वित कार्रवाई से आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना और अधिक मजबूत हुई है।
पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ श्रीमती रेखा यादव ने इस सराहनीय कार्य के लिए थानाध्यक्ष अस्कोट, उनकी टीम और SDRF जवानों की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।

