मुख्यमंत्री धामी ने सैंजी पहुंचकर आपदा प्रभावितों से की मुलाकात, कहा— राज्य सरकार हर परिस्थिति में साथ खड़ी है

मुख्यमंत्री धामी ने सैंजी पहुंचकर आपदा प्रभावितों से की मुलाकात, कहा— राज्य सरकार हर परिस्थिति में साथ खड़ी है
Spread the love

देहरादून।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जनपद पौड़ी के आपदाग्रस्त क्षेत्र सैंजी गांव का स्थलीय निरीक्षण कर आपदा प्रभावितों का हालचाल जाना। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया और कहा कि राज्य सरकार इस आपदा की घड़ी में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्र नौठा में बुराँसी के आपदा पीड़ितों से भेंट की और पांच प्रभावितों को राहत राशि के चेक भी सौंपे। उन्होंने बांकुड़ा सहित थलीसैंण तहसील के अन्य क्षेत्रों का हेलीकॉप्टर से हवाई सर्वेक्षण भी किया।

मुख्यमंत्री ने सैंजी गांव में क्षतिग्रस्त रास्तों से होकर आपदा पीड़ित परिवारों के घरों तक पहुँचकर व्यक्तिगत रूप से उनसे संवाद किया। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को समस्याओं से अवगत कराया और त्वरित राहत कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रभावितों के पुनर्वास और विस्थापन की कार्रवाई में किसी प्रकार की देरी न हो और ग्रामीणों को सबसे पहले सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए। उन्होंने राहत केंद्रों में बिजली, पानी, शौचालय, दवाई और राशन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि वाडिया इंस्टीट्यूट के माध्यम से वैज्ञानिक सर्वे भी करवाया जाए ताकि भविष्य में ऐसी आपदाओं की पूर्व चेतावनी मिल सके। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा और गांवों में मोबाइल मेडिकल यूनिट्स तैनात करने के निर्देश दिए ताकि बीमार, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और बच्चे समय पर उपचार प्राप्त कर सकें।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत भी मौजूद रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए सुझाव दिया कि पुनर्वास के लिए एक विशेष समिति गठित की जाए और जिन लोगों के दुकानों या मकानों को नुकसान हुआ है, उनके लिए प्राथमिकता से सहायता उपलब्ध कराई जाए।

जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि प्रभावित परिवारों की सूची तैयार कर ली गई है और राहत सामग्री व धनराशि का वितरण किया जा रहा है। प्रशासन की टीम लगातार हर गांव में पहुंच रही है ताकि कोई भी परिवार राहत से वंचित न रह सके।

देवभूमि खबर

Related articles