गुमशुदगी निकली हत्या – हरिद्वार पुलिस का बड़ा खुलासा, प्रेमिका ने साथियों संग मिलकर किया प्रेमी का कत्ल
हरिद्वार।एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल की अगुवाई में हरिद्वार पुलिस ने एक और ब्लाइंड मर्डर केस का सफल अनावरण किया है। जिस गुमशुदगी की शिकायत परिवार ने दर्ज कराई थी, वह हत्या का मामला निकला। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में मृतक की कथित प्रेमिका और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी फरार चल रहे हैं।
घटना का खुलासा करते हुए एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि दिनांक 13 अगस्त 2025 को चन्द्रपुरी राणा चौक निवासी ने अपने 18 वर्षीय पुत्र दीपक रावत की गुमशुदगी की शिकायत कोतवाली गंगनहर में दर्ज कराई थी। दीपक 10 अगस्त की रात अपनी मोटरसाइकिल लेकर घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ मिला।
पुलिस जांच में सामने आया कि दीपक का प्रेम प्रसंग मकतूलपुरी निवासी नाबालिग किशोरी (17 वर्ष) से चल रहा था। किशोरी शादी करना चाहती थी, लेकिन दीपक के परिजनों ने उम्र कम होने की वजह से रिश्ते से इंकार कर दिया। इसी बीच किशोरी की दोस्ती गाजियाबाद निवासी राजा शर्मा उर्फ सुखविंदर से हो गई। राजा को जब दीपक और किशोरी के संबंध का पता चला, तो उसने दीपक को धमकी भी दी थी।
उन्होंने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि दीपक लगातार किशोरी पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था। किशोरी ने यह बात राजा को बताई, जिस पर राजा ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर दीपक को रास्ते से हटाने का षड्यंत्र रचा।
योजना के तहत 10 अगस्त को किशोरी ने दीपक को फोन कर मोदीनगर तक छोड़ने के लिए बुलाया। दीपक बाइक पर उसे लेकर गया, जहां सुभारती मेडिकल कॉलेज के पास राजा शर्मा और उसके साथी मिले। वहां से सभी लोग दीपक को छोटा हरिद्वार नहर पटरी पर ले गए। देर रात लगभग 1 बजे राजा और उसके साथियों ने दीपक का गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गंगनहर में फेंककर उसकी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए।
वारदात का पर्दाफाश किशोरी से हुई पूछताछ में हुआ। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने राजा का साथी मोहसीन पुत्र मोबिन (उम्र 18, निवासी सीकरी कलां, मोदीनगर) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की निशादेही पर पुलिस ने दीपक का शव धौलाना (जनपद हापुड़, यूपी) से बरामद कर लिया। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
मुख्य आरोपी राजा शर्मा और उसका एक अन्य साथी फिलहाल फरार हैं। जानकारी मिली है कि राजा हत्या के बाद मुंबई भाग गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को मुंबई भेजा गया है।
विधि विवादित किशोरी (17 वर्ष), निवासी मकतूलपुरी, रुड़की , मोहसीन पुत्र मोबिन (18 वर्ष), निवासी सीकरी कलां, मोदीनगर, गाजियाबाद गिरफ्त में आए
इस सफल अनावरण में सीओ रुड़की नरेन्द्र पंत, एसएचओ गंगनहर आर.के. सकलानी, एसएसआई अजय शाह सहित पुलिस के 15 से अधिक जवान शामिल रहे।

