धराली आपदा पीड़ितों की स्मृति में सहसपुर में वृक्षारोपण कार्यक्रम, रेडक्रास सोसाइटी ने दी श्रद्धांजलि

धराली आपदा पीड़ितों की स्मृति में सहसपुर में वृक्षारोपण कार्यक्रम, रेडक्रास सोसाइटी ने दी श्रद्धांजलि
Spread the love

देहरादून। सहसपुर ब्लॉक के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मालसी में आज धराली आपदा के मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और पौधारोपण कर आपदा में जान गंवाने वालों की स्मृति को जीवित रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए भारतीय रेडक्रास सोसाइटी के राज्य कोषाध्यक्ष एवं अग्रणी राज्य आन्दोलनकारी मोहन सिंह खत्री ने कहा कि धराली जैसी आपदाएं उत्तराखंड राज्य के लिए अभिशाप साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि आपदा में जिन परिवारों ने अपने परिजनों को खोया है, उनके दुख की भरपाई संभव नहीं, लेकिन समाज और संस्थाओं का दायित्व है कि ऐसे कठिन समय में पीड़ितों के साथ खड़ा हो।

उन्होंने बताया कि भारतीय रेडक्रास सोसाइटी आपदा पीड़ितों की हरसंभव मदद के लिए प्रयासरत है। संस्था की ओर से प्रभावित परिवारों के लिए कंबल, त्रिपाल, दवाइयां और बर्तन जैसी आवश्यक सामग्री भेजी गई है, ताकि कठिन परिस्थितियों में उन्हें राहत मिल सके। खत्री ने कहा कि रेडक्रास सोसाइटी आगे भी जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने का काम करती रहेगी।

इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक भोला सिंह, शिक्षिका निवेदिता थपलियाल, मंजीत रावत, पवन भंडारी, आशीष राणा सहित विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण और आपदा पीड़ितों की स्मृति को संजोने का संकल्प लिया।

देवभूमि खबर

Related articles