स्पीड पोस्ट से श्रद्धालुओं तक पहुंचेगा श्री बदरीनाथ धाम एवं केदारनाथ धाम का प्रसाद : हेमंत द्विवेदी

स्पीड पोस्ट से श्रद्धालुओं तक पहुंचेगा श्री बदरीनाथ धाम एवं केदारनाथ धाम का प्रसाद : हेमंत द्विवेदी
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड के प्रमुख धामों के दर्शन करने से वंचित रहने वाले श्रद्धालुओं के लिए अब एक नई सुविधा शुरू हो गई है। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने डाक विभाग के सहयोग से स्पीड पोस्ट सेवा के माध्यम से प्रसाद भेजने की योजना पर अमल शुरू कर दिया है।

बुधवार को बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने समिति के केनाल रोड स्थित कार्यालय में भगवान बदरी विशाल और भगवान केदारनाथ जी के प्रसाद के पैकेट भारतीय डाक विभाग के उपमंडल अधिकारियों को सौंपकर इस सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए समिति ने डाक विभाग के साथ एमओयू किया है। इसके तहत बीकेटीसी कार्यालय से प्रसाद के पैकेट सीधे डाक विभाग को उपलब्ध कराए जाएंगे और फिर स्पीड पोस्ट के जरिए उन्हें देशभर के श्रद्धालुओं तक पहुँचाया जाएगा।

अध्यक्ष द्विवेदी ने बताया कि यह सुविधा विशेष रूप से उन श्रद्धालुओं के लिए होगी, जो भगवान बदरी विशाल और भगवान केदारनाथ जी की दीर्घकालिक पूजा करवाते हैं। उन्हें यह प्रसाद सेवा पांच से दस वर्षों तक, प्रत्येक यात्रा वर्ष में उपलब्ध कराई जाएगी। इससे घर बैठे ही श्रद्धालु धामों की आध्यात्मिक अनुभूति कर सकेंगे।

इस अवसर पर बीकेटीसी की ओर से प्रसाद के 42 पैकेट स्पीड पोस्ट हेतु भारतीय डाक विभाग के अधिकारियों- कर्मचारियों को सौंपे गए।

कार्यक्रम में बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल, सहायक निदेशक (मार्केटिंग) आशीष कुमार, सहायक डाक अधीक्षक दिनेश तोमर और मार्केटिंग एक्जीक्यूटिव योवन कुमार गुप्ता भी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles