देवता का अवतार हुआ गिरफ्तार- “ऑपरेशन कालनेमि” में दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई
देहरादून। उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ कर ठगी करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन कालनेमि” अभियान के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली डोईवाला पुलिस ने ऐसे फर्जी बाबा को गिरफ्तार किया है, जो खुद को देवता का अवतार बताकर चमत्कार और झाड़-फूंक के नाम पर लोगों को अपने झांसे में ले रहा था।
मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देशों पर एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर छद्म भेषधारियों और ढोंगी बाबाओं पर कड़ी कार्रवाई करें। इन्हीं निर्देशों के क्रम में दिनांक 20 अगस्त 2025 को डोईवाला पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को पकड़ा, जो बाबा का भेष धरकर लोगों को चमत्कार दिखाने और तंत्र-मंत्र के माध्यम से बीमारियाँ ठीक करने का दावा कर रहा था।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान शौकिन नाथ पुत्र कपूर नाथ, निवासी सपेरा बस्ती, डोईवाला, जिला देहरादून, उम्र 38 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि वह लंबे समय से खुद को देवता का अवतार बताकर लोगों को गुमराह कर रहा था और समस्याओं के समाधान के नाम पर उनसे पैसे ऐंठता था।
स्थानीय लोगों से जानकारी करने पर भी यह पुष्टि हुई कि आरोपी अपने झांसे में फँसाकर लोगों से आर्थिक लाभ उठाता रहा है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया है।
एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन कालनेमि के तहत जिलेभर में ऐसे ढोंगी बाबाओं, फकीरों और छद्म भेषधारियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि कोई भी व्यक्ति धार्मिक आस्था का दुरुपयोग कर आमजन के साथ धोखाधड़ी न कर सके।

