दून पुलिस की होम स्टे, गेस्ट हाउस और क्लब संचालकों को कड़ी चेतावनी–बिना अनुमति देर रात पार्टी पर होगी वैधानिक कार्रवाई
देहरादून। वीकेंड पर बिना अनुमति देर रात तक चलने वाली पार्टियों पर रोक लगाने और शराब पीकर वाहन चलाने व हुड़दंग करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हेतु दून पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस द्वारा लगातार रात्रि चेकिंग की जा रही है।
इसके तहत बिना अनुमति देर रात संचालित पार्टियों और कार्यक्रमों में आकस्मिक चेकिंग के लिए क्षेत्राधिकारी/नोडल अधिकारी एएनटीएफ के नेतृत्व में एएनटीएफ व थानों की टीमों को कड़ी निगरानी रखने और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में 07 सितंबर की देर रात साईं मंदिर के पास स्थित एक होम स्टे में बिना अनुमति पार्टी आयोजित किए जाने की सूचना पर क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में एएनटीएफ देहरादून की टीम मौके पर पहुंची। यहां चल रही बर्थडे पार्टी में मादक पदार्थों के सेवन की संभावना को देखते हुए पुलिस ने संदिग्ध 11 व्यक्तियों का मेडिकल परीक्षण कराया। प्राथमिक जांच में किसी भी प्रकार के नशे के सेवन की पुष्टि नहीं हुई, लेकिन बिना अनुमति देर रात पार्टी आयोजित करने पर सभी 11 व्यक्तियों का पुलिस एक्ट में चालान किया गया।
