थराली में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का अंतरमंत्रालयीय टीम ने किया हवाई व स्थलीय सर्वेक्षण

थराली में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का अंतरमंत्रालयीय टीम ने किया हवाई व स्थलीय सर्वेक्षण
Spread the love

थराली। आपदा से हुई क्षति का आकलन करने के उद्देश्य से भारत सरकार की अंतरमंत्रालयीय टीम सोमवार को थराली पहुँची। टीम का नेतृत्व निदेशक डॉ. वीरेन्द्र सिंह ने किया, साथ ही अनु सचिव शेर बहादुर और अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार सहित विभिन्न मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी इसमें शामिल रहे।

टीम ने सबसे पहले चेपड़ो, कोटडीप, राड़ीबगड़, देवाल के मोपाटा और नंदानगर क्षेत्र में हो रहे भू-धसाव का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद सड़क मार्ग से भी क्षतिग्रस्त क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर आपदा की स्थिति का बारीकी से अध्ययन किया।

कुलसारी रिलीफ सेंटर में आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने पीपीटी के माध्यम से विभागवार क्षति का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि आपदा से अब तक लगभग 1150 करोड़ रुपये की परिसंपत्तियों का नुकसान आंका गया है। सड़कों, पुलों, भवनों, पेयजल योजनाओं, विद्युत तंत्र और कृषि को भारी क्षति पहुँची है। साथ ही पल्ला गाँव (ज्योतिर्मठ) और नंदानगर क्षेत्र में लगातार सक्रिय भू-धसाव की स्थिति से भी टीम को अवगत कराया।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान टीम ने स्थानीय निवासियों से बातचीत की। ग्रामीणों ने बताया कि भारी वर्षा और भूस्खलन से आवागमन बाधित हो गया है, कई गाँवों का संपर्क मुख्य मार्ग से कट गया है और अनेक मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर विस्थापित करना पड़ा है।

टीम ने आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों में प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। साथ ही पुनर्वास, राशन व चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता, अस्थायी आश्रयों की व्यवस्था और सड़कों को खोलने के प्रयासों की भी समीक्षा की।

डॉ. वीरेन्द्र सिंह ने कहा कि इस दौरे का मुख्य उद्देश्य आपदा से हुई वास्तविक क्षति का आकलन करना है। हवाई सर्वेक्षण, स्थलीय निरीक्षण और प्रशासनिक चर्चाओं से प्राप्त जानकारी के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट भारत सरकार को भेजी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर पुनर्वास, बुनियादी ढांचे की बहाली और दीर्घकालिक सुरक्षा उपायों की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

इस अवसर पर थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत, पुलिस अधीक्षक सर्वेश पवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, एसडीएम सोहन सिंह रांगण, एसडीएम पंकज भट्ट समेत विभागीय अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles