प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान का शुभारंभ, उत्तराखंड में 4114 स्वास्थ्य शिविर शुरू

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान का शुभारंभ, उत्तराखंड में 4114 स्वास्थ्य शिविर शुरू
Spread the love

देहरादून।प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपने जन्मदिन पर मध्य प्रदेश के धार से ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ तथा ‘आठवें राष्ट्रीय पोषण माह’ अभियान का शुभारंभ किया। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि), मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी और चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत वर्चुअल माध्यम से जुड़े और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

अभियान की शुरुआत के साथ ही प्रदेशभर की चिकित्सा इकाइयों में 4114 स्वास्थ्य शिविरों का आगाज हुआ, जिनमें हजारों लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया और विभिन्न चिकित्सा सेवाओं का लाभ लिया।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने कहा कि “स्वस्थ और जागरूक नारी ही समाज को नई दिशा दे सकती है। यह अभियान परिवार और समाज दोनों की मजबूती की आधारशिला है।” उन्होंने आमजन से अपील की कि इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दें, ताकि हर महिला तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच सकें और वे सम्मानपूर्वक, सुरक्षित व स्वस्थ जीवन जी सकें।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री का जन्मदिन एक साथ होना शुभ संयोग है। उन्होंने बताया कि ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान दो अक्टूबर तक चलेगा और राज्य की माताओं-बहनों को इसका अधिक से अधिक लाभ लेना चाहिए।

कार्यक्रम में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा जन्मदिन पर शुरू किया गया यह विशेष अभियान महिलाओं के स्वास्थ्य की दृष्टि से बेहद अहम है। उन्होंने बताया कि शिविरों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग जिलाधिकारियों की देखरेख में की जाएगी और विभागीय अधिकारियों को इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक खजान दास, विनोद चमोली, सविता कपूर, सुरेश गड़िया, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार सहित विभागीय अधिकारी व बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles