“अंकिता हम शर्मिंदा है, तेरे खातिर जिंदा है” – करन माहरा, नैनीताल में विरोध प्रदर्शन
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने, जिनमें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा समेत शहर के कई गणमान्य लोग शामिल थे, अंकिता भंडारी हत्याकांड के तीन वर्ष पूरे होने पर भी दोषियों को फाँसी की सजा न मिलने और परिवार को न्याय न मिलने पर आक्रोश व्यक्त किया। इस मौके पर राम सेवक सभा मैदान में आम सभा आयोजित की गई, जिसके बाद गाँधी मूर्ति तक हाथों में तख्तियां और पट्टियाँ लेकर बाजारों व मालरोड से होते हुए जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन महरा ने कहा कि तीन वर्ष बीत जाने के बावजूद प्रदेश सरकार अंकिता के परिवार को न्याय नहीं दिला पाई और न ही दोषियों को फाँसी की सजा दी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार दोषियों को बचाने का काम कर रही है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान तमाम गणमान्य लोगों के साथ मातृशक्ति की भी बड़ी उपस्थिति रही। मौसम खराब होने के बावजूद लोगों ने बढ़-चढ़कर जुलूस और सभा में हिस्सा लिया। करन महरा स्वयं नारे लगाते हुए चल रहे थे – “अंकिता हम शर्मिंदा है, तेरे खातिर जिंदा है”, “निकलो बाहर घरों से, जंग लड़ो बेईमानों से”। इस दौरान मातृशक्ति भी गुस्से में नारेबाजी करती हुई दिखाई दी।

