UKSSSC स्नातक स्तरीय परीक्षा 21 सितम्बर को – निष्पक्ष परीक्षा हेतु उत्तराखण्ड पुलिस की सख्त तैयारी
देहरादून। डॉ0 नीलेश आनन्द भरणें, पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था, उत्तराखण्ड ने 21 सितम्बर 2025 को होने वाली UKSSSC स्नातक स्तरीय परीक्षा की तैयारियों को लेकर सभी जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश के 13 जनपदों के कुल 445 परीक्षा केन्द्रों पर यह परीक्षा आयोजित होगी। इसके लिए व्यापक सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं। प्रत्येक जनपद में एक राजपत्रित अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जिन्हें आयोग द्वारा नामित अधिकारियों के साथ परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करने और निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
आईजी ने कहा कि सभी परीक्षा केन्द्रों, होटलों, कोचिंग सेंटरों और संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बढ़ाई गई है। पर्याप्त संख्या में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। परीक्षा केन्द्रों पर प्रवेश से पहले मेटल डिटेक्टर से जांच अनिवार्य होगी और किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, ब्लूटूथ, कैमरा या चिप को परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्रों की 200 मीटर परिधि के भीतर आने वाले सभी होटल, धर्मशाला, होमस्टे, साइबर कैफे, इंटरनेट सेंटर और फोटोकॉपी की दुकानों की जांच की जाए। संदिग्ध और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन भी सुनिश्चित किया जाए। थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे रात में भी परीक्षा केन्द्रों और उनके आस-पास गश्त करें।
परीक्षा सॉल्वर गैंग और नकल माफियाओं पर विशेष नजर रखते हुए, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा अवधि में हर घंटे की स्थिति रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय के नियंत्रण कक्ष को भेजी जाएगी। नोडल अधिकारी परीक्षा केन्द्रों का लगातार भ्रमण करेंगे और सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखेंगे।
आईजी ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से परीक्षा केन्द्र पर पहुंचे, प्रतिबंधित उपकरण न लाएं और बिना किसी भय या अफवाह पर ध्यान दिए शांतिपूर्वक परीक्षा दें।
बैठक में श्री सुनील कुमार मीणा, पुलिस महानिरीक्षक, सीसीटीएनएस, उत्तराखण्ड, श्री धीरेन्द्र गुंज्याल, पुलिस उपमहानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था, उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय और श्रीमती विशाखा अशोक भदाणे, पुलिस अधीक्षक अपराध पुलिस मुख्यालय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
