एसपी उत्तरकाशी ने जनजागरुकता चौपाल में सीनियर सीटिजनों और आमजन को किया साइबर अपराधों के प्रति सजग
उत्तरकाशी।जनता और पुलिस के मध्य बेहतर सामंजस्य तथा कम्युनिटी पुलिसिंग के अंतर्गत 20 सितम्बर 2025 को कोतवाली उत्तरकाशी में जनजागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती सरिता डोबाल ने सीनियर सिटीजन और आमजनमानस को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में ऑनलाइन लेन-देन करते समय अत्यधिक सतर्क रहना आवश्यक है। एसपी महोदया ने सीनियर सिटीजन एवं जनता से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतों एवं समस्याओं को सुना और बेहतर पुलिसिंग के लिए सुझाव भी प्राप्त किए।
चौपाल में उपस्थित संभ्रांत नागरिकों ने उत्तरकाशी पुलिस द्वारा आयोजित जनजागरूकता कार्यक्रम का स्वागत किया। उन्होंने नशे के खिलाफ पुलिस के अभियान की सराहना करते हुए एसपी महोदया से जनपद में नशे को जड़ से समाप्त करने की अपील की। साथ ही शहर में ट्रैफिक से जुड़ी समस्याओं से भी अवगत कराया गया। एसपी महोदया ने अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करवाया तथा शेष पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने सभी से कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्य आरक्षी शक्ति सिंह ने उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी जैसे—डिजिटल अरेस्टिंग, साइबर स्टॉकिंग, साइबर बुलिंग, फेक कॉल, मैसेज, ई-मेल, वॉइस क्लोनिंग आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे सशक्त माध्यम है। यदि किसी अनजान व्यक्ति द्वारा ऑनलाइन लोन, लॉटरी या अन्य प्रलोभन से जुड़े कॉल, मैसेज या ई-मेल प्राप्त हों तो सावधान रहें और किसी भी फर्जी लिंक पर क्लिक न करें। अपना ओटीपी, पिन, बैंक संबंधी या अन्य गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। यदि किसी के साथ साइबर/वित्तीय ठगी हो जाए तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।
कार्यक्रम के समापन पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली उत्तरकाशी श्रीमती भावना कैंथोला ने सभी सीनियर सिटीजन एवं जनता का आभार व्यक्त किया और भरोसा दिलाया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पब्लिक फ्रेंडली और बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित की जाएगी।
जनसंवाद कार्यक्रम में निरीक्षक एलआईयू श्री दीपक रावत, कोतवाली स्टाफ, सीनियर सिटीजन, गणमान्य नागरिक एवं अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे।

