बसंत विहार क्षेत्र में युवती की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, एक अभियुक्त गिरफ्तार
देहरादून।दून पुलिस ने बसंत विहार क्षेत्र में युवती की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त ने घटना के बाद मृतका के भाई के साथ मिलकर शव को ठिकाने लगाया था। घटना नशे को लेकर हुए विवाद में हुई थी, जिसमें मृतका के भाई का हाथ था।
दिनांक 22 सितंबर 2025 की प्रातः थाना बसंत विहार को पितांबरपुर मजार के पास जंगल में एक कट्टे के अंदर मृत युवती पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने लगभग 20-22 वर्ष की युवती का शव पाया। आस-पास के लोगों से पूछताछ करने पर मृतका की पहचान विशाखा, पुत्री बुधराम, निवासी स्मिथनगर, प्रेमनगर, उम्र लगभग 22 वर्ष के रूप में हुई। शव का पंचायतनामा भरकर मोर्चरी भेजा गया। मृतका के ममेरे भाई रोहित कुमार के लिखित तहरीर के आधार पर मुकदमा धारा 103(1) बीएनएस के तहत पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना बसंत विहार और एसओजी की टीमें गठित की गईं। घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए। जांच में सामने आया कि मृतका के भाई विशाल और किराए पर रहने वाला व्यक्ति राजा शव को टी-स्टेट के जंगलों में ले गए थे।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने राजा को हिरासत में लिया। पूछताछ में राजा ने स्वीकार किया कि दिनांक 21 सितंबर 2025 की रात में नशे में विशाल ने अपनी बहन विशाखा के साथ मारपीट की। विशाल ने हाथ-पैर बांधकर मारपीट की और राजा के साथ मिलकर शव को सफेद रंग के कट्टे में डालकर टी-स्टेट के जंगल में फेंक दिया।
अभियुक्त राजा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के भाई विशाल घटना के बाद से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त – लोकेन्द्र उर्फ राजा, पुत्र बलराम सिंह, निवासी ग्राम जलालपुर, थाना बडापुर, बिजनौर, उत्तर प्रदेश; वर्तमान किरायेदार – स्मिथनगर, प्रेमनगर, देहरादून, उम्र 26 वर्ष।

