अल्मोड़ा पुलिस का नशे और उसकी जड़ पर बड़ा प्रहार ,375 नाली भांग की खेती नष्ट
अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पींचा के निर्देशन में जनपद पुलिस ने “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत नशे के विनिष्टीकरण की बड़ी कार्रवाई करते हुए 375 नाली में फैली भांग की खेती को नष्ट किया।
नशा उन्मूलन अभियान के तहत अल्मोड़ा पुलिस लगातार नशे के सौदागरों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई के साथ-साथ चरस व गांजा जैसे मादक पदार्थों की जड़ भांग की खेती पर भी सख्त प्रहार कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक श्री हरबन्स सिंह की मॉनिटरिंग में चल रहे इस अभियान के तहत सीओ अल्मोड़ा श्री गोपाल दत्त जोशी और सीओ रानीखेत श्री विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में भांग की फसलों को मौके पर ही नष्ट कर जला दिया, ताकि इनसे किसी भी प्रकार के नशे के पदार्थ का उत्पादन न हो सके।
पुलिस ने ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करते हुए भांग की खेती न करने की अपील की। साथ ही उन्हें नशा मुक्ति अभियान में सहयोग करने का संदेश दिया गया। इस कार्रवाई में पुलिस के साथ-साथ राजस्व विभाग की टीमों का भी सहयोग रहा।

