दून विश्वविद्यालय के भूगोल विद्यार्थियों ने किया लबासना का शैक्षणिक भ्रमण

देहरादून। दून विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के विद्यार्थियों ने मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी का शैक्षणिक भ्रमण किया। विभागाध्यक्ष प्रो. भूपेंद्र सिंह बिष्ट के मार्गदर्शन में सृष्टि गौड़, अंकिता खत्री, केयाली बौंठियाल, प्रियंशी चौहान एवं अंकुश ने अकादमी का भ्रमण कर प्रशासनिक व्यवस्था और प्रशिक्षण प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने अकादमी के ऐतिहासिक महत्व, प्रशासनिक वातावरण, प्रशिक्षण व्यवस्था और कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा। उन्हें प्रशासनिक प्रशिक्षण की प्रक्रिया तथा राष्ट्र निर्माण में लोक सेवाओं की भूमिका के संबंध में भी जानकारी मिली।
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों का मालदीव से आए सिविल सेवकों के साथ संवाद भी हुआ। विद्यार्थियों ने मालदीव की शिक्षा व्यवस्था, जीवनशैली, संस्कृति और भौगोलिक विशेषताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। वहीं, मालदीव के सिविल सेवकों ने विद्यार्थियों से उत्तराखंड के भूगोल, संस्कृति, पर्यटन और स्थानीय जीवन के संबंध में जानकारी ली। इस संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न देशों की भौगोलिक एवं सांस्कृतिक विविधताओं को समझने का अवसर मिला।
विद्यार्थियों ने अकादमी परिसर स्थित कर्मशिला, गांधी स्मृति पुस्तकालय, संग्रहालय सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का भी भ्रमण किया। इससे उन्हें भारतीय प्रशासनिक परंपरा, अकादमी की विरासत और प्रशिक्षण व्यवस्था को निकट से समझने का अवसर मिला।
दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने विद्यार्थियों के शैक्षणिक भ्रमण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी का भ्रमण विद्यार्थियों में प्रशासनिक व्यवस्था, नेतृत्व, अनुशासन और सार्वजनिक सेवा की समझ विकसित करने के साथ उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाने में सहायक है।
प्रो. सुरेखा डंगवाल ने कहा कि मालदीव के सिविल सेवकों के साथ संवाद विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी रहा। इससे उन्हें विभिन्न देशों की संस्कृति, जीवनशैली और भौगोलिक विविधताओं को समझने के साथ अपने संवाद कौशल और वैश्विक दृष्टिकोण को विकसित करने का अवसर मिला। उन्होंने भविष्य में भी विद्यार्थियों के लिए ऐसे शैक्षणिक एवं अनुभवात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक अनुभव रहा। भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को विषयगत ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव तथा व्यापक सामाजिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक दृष्टिकोण भी प्राप्त हुआ।


