हाईवे लूटकांड का पर्दाफाश — हरिद्वार पुलिस ने 4 नकाबपोश बदमाशों को दबोचा, दोस्त ही निकला लूट का

हरिद्वार। बदमाशी और लूट की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए हरिद्वार पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। थाना कलियर पुलिस ने हाईवे पर हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए चार नकाबपोश बदमाशों को गिरफ्तार किया है। लूट की वारदात में शामिल आरोपी पीड़ित का दोस्त ही निकला जिसने महंगे शौक और नौकरी छूटने से परेशान होकर अपने साथियों संग वारदात को अंजाम दिया था।
घटना दिनांक 30 सितंबर 2025 की है, जब कृष्णानगर रूड़की निवासी विशांत सैनी अपने दोस्त के साथ ड्यूटी खत्म कर मोटरसाइकिल से कलियर रोड रहमतपुर फ्लाईओवर होते हुए जा रहा था। इसी दौरान तीन अज्ञात बदमाशों ने उसकी कनपटी पर तमंचा रखकर गाली-गलौच व मारपीट की और उसका iPhone 15, सोने की चैन, अंगूठी, दोस्त का मोबाइल और नकदी लूट ली।
शिकायत पर थाना कलियर में मुकदमा संख्या 264/25, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने विशेष पुलिस टीम गठित की। जांच के दौरान वादी के दोस्त सुनील कुमार की भूमिका संदिग्ध पाई गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने 06 अक्टूबर 2025 को निर्माणाधीन छह लेन नहर पटरी के पास से सुनील कुमार सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई सम्पत्ति और वारदात में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी अंकुर सैनी ने बताया कि वह और पीड़ित विशांत सैनी दोनों पतंजलि कंपनी में साथ काम करते थे। नौकरी छूट जाने और आर्थिक तंगी के कारण अंकुर ने अपने दोस्त को लूटने की योजना बनाई। उसे पता था कि विशांत महंगे मोबाइल और सोने के आभूषण पहनता है, इसलिए उसने सुनील कुमार और अन्य साथियों को साथ लेकर लूट की वारदात की।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 61(2), 317(2) बीएनएस और धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस टीम अब एक फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
