प्राथमिक शिक्षकों के 2100 पदों पर शीघ्र होगी भर्तीः डॉ. धन सिंह रावत

प्राथमिक शिक्षकों के 2100 पदों पर शीघ्र होगी भर्तीः डॉ. धन सिंह रावत
Spread the love

देहरादून। प्रदेशभर के राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापकों के रिक्त 2100 पदों पर शीघ्र भर्ती की जाएगी। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। इसके साथ ही, आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों के निर्माण और मरम्मत कार्यों के लिए शीघ्र आंगणन तैयार करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

सूबे के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज अपने शासकीय आवास पर विद्यालयी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राथमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत सहायक अध्यापकों के 2100 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से लगातार नई नियुक्तियां कर रही है। पिछले दो वर्षों में 3000 से अधिक रिक्त पदों को भरा जा चुका है।

डॉ. रावत ने बताया कि कुछ अभ्यर्थियों द्वारा एनआईओएस डीएलएड को शामिल करने को लेकर न्यायालय में याचिका दायर की गई थी, जिसके कारण भर्ती प्रक्रिया बाधित रही। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के उपरांत राज्य कैबिनेट ने बेसिक शिक्षक सेवा नियमावली में आवश्यक संशोधन कर वर्ष 2017 से 2019 तक के एनआईओएस डीएलएड प्रशिक्षुओं को प्राथमिक शिक्षक भर्ती में शामिल किया है। साथ ही, सहायक अध्यापक (विशेष शिक्षा) के पदों को भी नियमावली में सम्मिलित किया गया है। इससे नई भर्ती प्रक्रिया में अधिक अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्राथमिक शिक्षकों का जिला संवर्ग होने के कारण भर्ती प्रक्रिया जिला स्तर पर ही सम्पन्न की जाएगी। इस हेतु सभी जनपदों के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को शीघ्र विज्ञप्ति जारी कर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों के सभी पद जल्द भरे जा सकें।

इसके अलावा, बैठक में डॉ. रावत ने शिक्षकों के त्रिस्तरीय ढांचे को तैयार करने, आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों के पुनर्निर्माण और मरम्मत कार्यों को गति देने तथा धारा-27 के अंतर्गत शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

बैठक में महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा दीप्ति सिंह, निदेशक एससीईआरटी वंदना गर्ब्याल, निदेशक प्राथमिक शिक्षा अजय नौडियाल, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles