करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाला मुख्य अभियुक्त नेहरू कॉलोनी पुलिस की गिरफ्त में

करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाला मुख्य अभियुक्त नेहरू कॉलोनी पुलिस की गिरफ्त में
Spread the love

देहरादून।  करोड़ों की वित्तीय धोखाधड़ी में फरार चल रहा मुख्य अभियुक्त आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया। आरोपी जगमोहन चौहान ने अपनी माइक्रो फाइनेंस इंडिया एसोसिएशन कंपनी के माध्यम से भोले-भाले निवेशकों को भारी मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये का निवेश कराया था। कंपनी द्वारा अधिक ब्याज और मुनाफे का झांसा देकर हजारों लोगों की गाढ़ी कमाई हड़प ली गई थी।

नेहरू कालोनी थाना क्षेत्र में संचालित इस निजी फाइनेंस कंपनी द्वारा लोगों से आरडी, एफडी और डीडीएस जैसी योजनाओं में निवेश कराने के नाम पर ठगी की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने स्वयं वादी बनकर दिनांक 02 अक्टूबर 2025 को थाना नेहरू कालोनी में मुकदमा मु0अ0सं0 348/2025, धारा 3/21 बड्स एक्ट, 3 उत्तराखंड जमाकर्ताओं के हितों का संरक्षण अधिनियम तथा 316(2)/318(4)/61(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया।

जांच में खुलासा हुआ कि कंपनी का संस्थापक सदस्य (Founder Member) जगमोहन सिंह चौहान और उसकी पत्नी नीलम चौहान, जो कंपनी की डायरेक्टर हैं, सरस्वती विहार, नेहरू कॉलोनी, देहरादून के निवासी हैं। कंपनी के पैसों का पूरा संचालन जगमोहन चौहान द्वारा स्वयं किया जाता था। वह लोगों को भारी मुनाफे और अधिक ब्याज का झांसा देकर कंपनी में खाता खोलने और निवेश के लिए प्रेरित करता था।

घटना का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून ने कंपनी से संबंधित सभी बैंक खातों को सीज करने और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के आदेश जारी किए। पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी व इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के माध्यम से अभियुक्त की तलाश शुरू की। अथक प्रयासों के बाद 07 अक्टूबर 2025 को पुलिस ने मुख्य अभियुक्त जगमोहन सिंह चौहान पुत्र स्वर्गीय श्रीचंद चौहान, निवासी सटेन गजा, थाना नरेंद्रनगर, जनपद टिहरी गढ़वाल (वर्तमान पता: ई-ब्लॉक, सरस्वती विहार, नेहरू कॉलोनी, देहरादून, उम्र 55 वर्ष) को थाना रोड नेहरू कॉलोनी के पास से गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी देहरादून ने कहा कि अक्सर देखा गया है कि मुनाफे के लालच में लोग बिना जांच-पड़ताल किए छोटी-मोटी कंपनियों में निवेश कर देते हैं और बाद में ठगी का शिकार बन जाते हैं। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी कंपनी में निवेश करने से पहले उसकी वैधता और पंजीकरण का सही प्रकार से सत्यापन अवश्य करें। देहरादून पुलिस ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष नेहरू कालोनी उ0नि0 संजीत कुमार, व0उ0नि0 विकास शुक्ला, चौकी प्रभारी बाईपास उ0नि0 प्रवीण सिंह पुण्डीर, चौकी प्रभारी फुवारा उ0नि0 धनीराम पुरोहित, का0 श्रीकांत मलिक, का0 बृजमोहन सिंह, का0 संदीप छावड़ी और का0 अर्जुन सिंह शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles