शादी का झांसा देकर नाबालिक को भगाने वाला आरोपी मध्य प्रदेश से गिरफ्तार
देहरादून। महिलाओं और बाल अपराधों के प्रति दून पुलिस की संवेदनशीलता एक बार फिर सामने आई है। थाना राजपुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर नाबालिक युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगाने वाले आरोपी को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नाबालिक को सुरक्षित बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादी निवासी राजपुर ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके कॉलेज में पढ़ने वाली नाबालिक छात्रा बिना बताए कहीं चली गई है। शिकायत के आधार पर थाना राजपुर में मु0अ0सं0 184/2025, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थाना राजपुर पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच प्रारंभ की।
टीम ने घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों के संबंध में आवश्यक जानकारियाँ जुटाईं। साथ ही सुरागरसी, पतारसी और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के माध्यम से तकनीकी जांच की गई। सोशल मीडिया खातों की निगरानी के दौरान यह तथ्य सामने आया कि नाबालिक को अभिषेक नामक युवक ने शादी का झांसा देकर अपने साथ बहला-फुसलाकर मध्य प्रदेश ले गया है।
पुलिस टीम के सतत प्रयासों से 07 अक्टूबर 2025 को आरोपी अभिषेक नारोलिया पुत्र बद्री प्रसाद, निवासी गणेश वार्ड, करेली, जनपद नरसिंहपुर, मध्य प्रदेश (उम्र 25 वर्ष) को भोपाल, मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से नाबालिक अपहर्ता को सकुशल बरामद कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
गिरफ्तारी टीम में म0उ0नि0 ज्योति पवार, अ0उ0नि0 मदन बिष्ट और का0 संदीप कुमार शामिल रहे।
