लापता किशोरी को पौड़ी पुलिस ने लखनऊ से सकुशल किया बरामद
पौड़ी। पौड़ी पुलिस ने एक बार फिर त्वरित और संवेदनशील कार्यवाही करते हुए लापता किशोरी को कई किलोमीटर दूर लखनऊ से सकुशल बरामद किया है।
दिनांक 13 अक्टूबर 2025 को कोटद्वार निवासी व्यक्ति द्वारा कोतवाली कोटद्वार पर सूचना दी गई थी कि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री (काल्पनिक नाम – रुखसत) नाराज होकर घर से कहीं चली गई है और अभी तक वापस नहीं लौटी। सूचना पर तत्काल मुकदमा संख्या 54/2025, धारा 137(2) बीएनएस बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी कोटद्वार श्रीमती निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक श्री रमेश तनवर के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने अथक प्रयास, सुरागरसी, सीसीटीवी फुटेज जांच और तकनीकी सर्विलांस के माध्यम से किशोरी की संभावित लोकेशन का पता लगाने के प्रयास किए।
लगातार जांच के दौरान टीम को जानकारी मिली कि नाबालिग को जामनगर, चारबाग लखनऊ (उत्तर प्रदेश) में देखा गया है। जानकारी की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लखनऊ रवाना होकर स्थानीय पुलिस की सहायता से किशोरी को सकुशल बरामद किया।
बरामदगी के बाद किशोरी को कोटद्वार लाया गया, जहां उसने बताया कि वह मां की डांट से नाराज होकर घर से बिना बताए निकल गई थी और नजीबाबाद रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर लखनऊ पहुंच गई थी। पुलिस टीम ने संवेदनशीलता और मानवता का परिचय देते हुए किशोरी को समझाया-बुझाया तथा उसे चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) पौड़ी के समक्ष प्रस्तुत किया। वर्तमान में किशोरी की काउंसलिंग की जा रही है और परिवार को भी उचित परामर्श प्रदान किया गया है।
