धरासू पुलिस ने जनजागरूकता कार्यक्रम में अध्यापकगण को किया जागरूक, वहीं हर्षिल पुलिस ने संभ्रांत नागरिकों संग गोष्ठी कर दिए आवश्यक दिशा–निर्देश
उत्तरकाशी। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी के निर्देशन में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत आज धरासू पुलिस द्वारा जनहित में सराहनीय पहल की गई। प्रभारी निरीक्षक धरासू श्री मनोज असवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राजकीय इंटर कॉलेज चिन्यालीसौड़ में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें उपस्थित अध्यापकगण एवं स्कूल स्टाफ को साइबर अपराध, बाल/महिला संबंधी अपराधों एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर सचेत करते हुए बताया गया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय सावधानी बरतें, किसी अंजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें, ओटीपी, बैंक विवरण या किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई। इसके अलावा महिला एवं बाल अपराधों से संबंधित नए कानूनों की भी जानकारी प्रदान की गई।
वहीं प्रभारी निरीक्षक हर्षिल श्री अशोक कश्यप द्वारा थाना क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, ग्राम प्रहरियों और संभ्रांत नागरिकों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणों की कुशलक्षेम पूछी गई, उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा हर संभव पुलिस सहयोग का भरोसा दिलाया गया।
सभी को बाहरी व्यक्तियों का शत–प्रतिशत सत्यापन कराने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त लोगों की सूचना तुरंत पुलिस को देने हेतु जागरूक किया गया। साथ ही सभी को साइबर अपराध, नशे के दुष्प्रभाव और यातायात नियमों के पालन के प्रति सजग रहने की सलाह दी गई।

