कोतवाली गंगनहर पुलिस ने आश मोहम्मद हत्याकांड का किया खुलासा — प्रेमिका के मंगेतर ने भाई संग दी थी वारदात को अंजाम, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

कोतवाली गंगनहर पुलिस ने आश मोहम्मद हत्याकांड का किया खुलासा — प्रेमिका के मंगेतर ने भाई संग दी थी वारदात को अंजाम, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

हरिद्वार।कोतवाली गंगनहर पुलिस ने आश मोहम्मद हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रेम प्रसंग में बाधा बनने पर प्रेमिका के मंगेतर ने अपने भाई के साथ मिलकर युवक की हत्या की थी। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

रामपुर कोतवाली गंगनहर निवासी मोहम्मद इसरार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र आश मोहम्मद 26 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे खाना खाकर मोबाइल साथ लेकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। अगले दिन जानकारी मिली कि बेटे को अस्तग नामक युवक ने बुलाया था और अपने भाई के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। मृतक का शव शिव मंदिर के पीछे खाली मैदान और बाद में गन्ने के खेत में बरामद हुआ।

तहरीर के आधार पर कोतवाली गंगनहर में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि नामजद आरोपी इंतजार उर्फ अस्तग रेलवे स्टेशन रुड़की के पास भागने की फिराक में है। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन के साथ दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका रिश्ता उसकी पसंद की लड़की से तय हुआ था। बाद में उसे पता चला कि मंगेतर का किसी और युवक से प्रेम संबंध था। आरोपी ने मंगेतर को नया मोबाइल और सिम देकर उसकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी थी। इंस्टाग्राम पर बातचीत के दौरान मृतक आशु ने आरोपी को चेतावनी दी कि वह रिश्ता तोड़ दे, नहीं तो परिणाम भुगतने होंगे। इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ और गुस्से में आरोपी ने चाकू से आशु का गला रेतकर हत्या कर दी।

आरोपी इंतजार उर्फ अस्तग को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि उसका भाई फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पकड़ा गया आरोपी: इंतजार उर्फ अस्तग पुत्र मुमताज निवासी ग्राम रामपुर, कोतवाली गंगनहर, जिला हरिद्वार, उम्र 20 वर्ष।

पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीप कुमार, उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक मनीष कवि, हेड कांस्टेबल संदीप, हेड कांस्टेबल अलियास, कांस्टेबल रणवीर, अजय, प्रभाकर, चालक लाल सिंह व सीआईयू प्रभारी मय टीम।

देवभूमि खबर

Related articles