दून विश्वविद्यालय ने सेमीकंडक्टर उद्योग से इंडस्ट्री कनेक्ट की दिशा में बढ़ाया कदम
देहरादून।दून विश्वविद्यालय ने सेमीकंडक्टर उद्योग के क्षेत्र में इंडस्ट्री कनेक्ट की शुरुआत करते हुए अमेरिकी कंपनी एप्लाइड मैटेरियल्स के रिसर्च एंड डेवलपमेंट डायरेक्टर डॉ. आर. गोपीचंद्रन का स्वागत किया। उन्होंने विश्वविद्यालय का दौरा कर फिजिक्स विभाग के छात्रों और फैकल्टी सदस्यों के साथ इंटरैक्टिव सेशन और संवाद किया। कुलपति प्रोफेसर डांगवाल ने बताया कि तेजी से बढ़ते सेमीकंडक्टर उद्योग में अगले दशक में लाखों युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। उन्होंने यह भी कहा कि एप्लाइड मैटेरियल्स के भारत में 5000 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं और डॉ. गोपीचंद्रन ने सेमीकंडक्टर मैटेरियल, प्रोसेस इंटीग्रेशन और आवश्यक स्किल सेट में हो रहे नवाचारों की जानकारी साझा की। प्रोफेसर डांगवाल ने कहा कि एकेडेमिया और इंडस्ट्री के बीच साझेदारी अत्यंत आवश्यक है ताकि विज्ञान के नवीनतम शोध को तकनीक में परिवर्तित किया जा सके।
डॉ. गोपीचंद्रन ने बताया कि एप्लाइड मैटेरियल्स सामग्री इंजीनियरिंग समाधानों में विश्व की अग्रणी कंपनी है, जो उन्नत सेमीकंडक्टर चिप्स और डिस्प्ले निर्माण के लिए आवश्यक तकनीक प्रदान करती है। उन्होंने दून विश्वविद्यालय की युवा फैकल्टी और प्रतिभाशाली छात्रों की सराहना करते हुए एडवांस्ड मैटीरियल्स के क्षेत्र में संभावित संयुक्त शोध, शिक्षण पहल और पाठ्यक्रम सुधार में सहयोग का उत्साह व्यक्त किया।
कार्यक्रम की समन्वयक और भौतिकी विभाग की अध्यक्ष डॉ. हिमानी शर्मा ने कहा कि डॉ. गोपीचंद्रन सेमीकंडक्टर मैटीरियल्स के अंतरराष्ट्रीय स्तर के रिसर्च एंड डेवलपमेंट लीडर हैं। उन्होंने कहा कि यह संवाद सैद्धांतिक भौतिकी और वास्तविक अनुप्रयोगों के बीच की दूरी को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। दून विश्वविद्यालय माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स, उन्नत सामग्री और अनुप्रयुक्त अनुसंधान के क्षेत्रों में उद्योग सहयोग को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इंडस्ट्री–अकादेमिया संवाद के इस सत्र में विश्वविद्यालय के फैकल्टी सदस्य, स्नातकोत्तर विद्यार्थी और स्नातक छात्र उपस्थित रहे। इसके बाद हुए उत्साहपूर्ण प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने संयुक्त शोध परियोजनाओं, इंटर्नशिप और फैकल्टी एक्सचेंज के अवसरों पर चर्चा की। कार्यक्रम का समापन विश्वविद्यालय परिसर और प्रयोगशालाओं के दौरे के साथ हुआ।
