मुख्यमंत्री धामी ने गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान दिवस पर गुरुद्वारा रेसकोर्स में दी श्रद्धांजलि

Spread the love

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें बलिदान दिवस के अवसर पर रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारा में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेक कर आशीर्वाद लिया और शबद कीर्तन का रसपान किया।

इसके पश्चात उन्होंने गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों से भेंट की। इस अवसर पर पदाधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री धामी ने संगतों के बीच लंगर सेवा भी की।

मुख्यमंत्री ने गुरु तेग बहादुर साहिब जी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि धर्म, मानवीय मूल्यों और सिद्धांतों की रक्षा हेतु प्राणों की आहुति देने वालों में गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान अद्वितीय है। उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी ने प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश देकर समाज को नई दिशा प्रदान की। उनके बलिदान से हमें आपसी सद्भाव और एकता की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने बताया कि श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा को सुगम बनाने के लिए गोविंदघाट–हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना का निर्माण कार्य प्रगति पर है। साथ ही अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों के सभी लाभ सिख समाज तक पहुंचाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।

कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री बलवीर सिंह साहनी, सचिव श्री राजिंदर पाल सिंह चंडोक तथा भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles