यूएसडीएमए के अपर सीईओ राजकुमार नेगी ने किया जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय का निरीक्षण, तैयारियों की समीक्षा
रूद्रपुर। अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (क्रियान्वयन) उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, देहरादून श्री राजकुमार नेगी (DIG/Addl-CEO Operation, USDM) ने शनिवार को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कार्यालय का निरीक्षण कर आपदा प्रबंधन से जुड़े विविध पक्षों एवं वर्तमान में संचालित गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में कार्यरत जनपद स्तरीय विभिन्न एजेंसियों के साथ परिचर्चा की।
निरीक्षण के दौरान श्री नेगी ने जनपद आपदा कंट्रोल रूम की वायरलेस ऑपरेटिंग व्यवस्था का भी जायजा लिया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी द्वारा पीपीटी के माध्यम से शीतलहर से निपटने की तैयारियों तथा समग्र आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। साथ ही विभागीय ढांचे के अंतर्गत सृजित रिक्त पदों को शीघ्र भरे जाने के प्रस्ताव पर भी विस्तृत चर्चा की गई, जिससे आपदा प्रबंधन प्रणाली को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाया जा सके।
श्री नेगी ने बताया कि प्रदेश के सभी जनपदों में 28 टीईओसी (TEOC) सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं तथा 76 बोलेरो वाहनों के आवंटन की कार्यवाही प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त, समस्त जनपदों में शासन की आईआरएस एक्सपर्ट टीम द्वारा आईआरएस प्रणाली का प्रशिक्षण शीघ्र प्रदान किया जाएगा, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।
प्रभारी अधिकारी आपदा प्रबंधन/ओसी श्री गौरव पाण्डेय ने अवगत कराया कि जनपद बाढ़ प्रभावित एवं बाढ़ संभावित जिला है, जहां मानसून के दौरान कई क्षेत्रों में जलभराव एवं बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इस हेतु सिंचाई विभाग द्वारा नदियों में चैनलाइजेशन एवं रिवर ड्रेजिंग का कार्य किया जाता है, लेकिन न्यूनीकरण मद में प्राप्त धनराशि पर्याप्त न होने के कारण कुछ नदियों की सफाई शेष रह जाती है। उन्होंने शासन स्तर से न्यूनीकरण मद एवं सिंचाई विभागीय मद में पर्याप्त धनराशि आवंटित करने का अनुरोध किया, जिससे मानसून के दौरान बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति से बचा जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी के.एस. रावत, असिस्टेंट कमांडेंट एनडीआरएफ आर.एस. धपोला, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नवीन कुमार सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम सुनील जोशी, अधिशासी अभियंता सिंचाई बी.एस. डांगी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

