अटल बिहारी वाजपेयी जयंती पर संगोष्ठी व प्रदर्शनी का आयोजन, 24 दिसंबर से होगी शुरुआत: मधु भट्ट
देहरादून। उत्तराखण्ड संस्कृति साहित्य एवं कला परिषद की उपाध्यक्ष श्रीमती मधु भट्ट ने आज मीडिया सेंटर सचिवालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जानकारी दी कि परिषद के तत्वावधान में पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के अवसर पर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 24 दिसंबर 2025 को प्रातः 10:00 बजे संस्कृति प्रेक्षागृह, देहरादून में किया जाएगा। इसके पश्चात 25 दिसंबर 2025 से यह संगोष्ठी प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा स्तर पर भी आयोजित की जाएगी।
श्रीमती मधु भट्ट ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी के आदर्शों, विचारों और काव्य रचनाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। कार्यक्रम के दौरान अटल जी के जीवन से जुड़े साहित्य, उनकी कविताओं एवं विचारों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके साथ ही वे वरिष्ठ नागरिक, जिन्होंने अटल जी के साथ अथवा उनके नेतृत्व में कार्य किया है, उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा। संगोष्ठी के अंतर्गत कवि सम्मेलन एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि संगोष्ठी कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर अपनी-अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी जाएगी। साथ ही स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए भी स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त पर्यावरण क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
परिषद की ओर से यह आयोजन अटल जी के विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
