मुख्य सचिव ने केदारनाथ पुनर्निर्माण एवं बदरीनाथ मास्टर प्लान की समीक्षा की, चारधाम यात्रा को और सुगम बनाने के निर्देश

देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने आज सचिवालय में केदारनाथ पुनर्निर्माण एवं बदरीनाथ मास्टर प्लान के संबंध में संबंधित विभागों एवं जिलाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए केदारनाथ और बदरीनाथ में यात्रा मार्ग एवं दर्शन व्यवस्था से जुड़ी व्यवहारिक समस्याओं की पहचान कर उनका त्वरित निराकरण किया जाना आवश्यक है।
मुख्य सचिव ने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान और वापसी तक एक सुखद एवं संतोषजनक अनुभव मिलना चाहिए। इसी उद्देश्य से तैयारियों को उच्च स्तर पर किया जाना जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को दर्शन टोकन प्रदान करते समय मंदिर में वर्तमान में चल रहे दर्शन नंबर की जानकारी डिस्प्ले बोर्ड पर उपलब्ध कराई जाए। आगामी चारधाम यात्रा के लिए यह व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। साथ ही, टोकन लेते समय श्रद्धालुओं को दर्शन में लगने वाले संभावित समय की जानकारी भी दी जाए।
उन्होंने चलने में असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए व्हीलचेयर, गोल्फ कार्ट एवं ऑल-टेरेन व्हीकल्स की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को आवश्यक एवं उपयुक्त जानकारी उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्थानों पर साइनेंज तथा क्यूआर कोड आधारित सूचना पटल लगाए जाएं। उन्होंने प्रदेश के सभी पर्यटन स्थलों पर सर्टिफाइड गाइड व्यवस्था उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए पर्यटन विभाग को गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि केदारनाथ रोपवे के संचालन के बाद केदारनाथ मंदिर परिसर, गौरीकुंड एवं सोनप्रयाग में श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए अभी से समुचित तैयारियां सुनिश्चित की जाएं। इसके लिए केदारनाथ मंदिर परिसर के क्षेत्र विस्तार तथा गौरीकुंड एवं सोनप्रयाग में पार्किंग एवं अन्य सुविधाओं के विस्तार की संभावनाओं को तलाशने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में सचिव डॉ. वी. षणमुगम, सचिव श्री धीराज सिंह गर्ब्याल, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग श्री प्रतीक जैन तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारी चमोली श्री गौरव कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

