मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हाउस ऑफ हिमालयाज की 6वीं बोर्ड बैठक सम्पन्न, कई अहम प्रस्तावों को मिली स्वीकृति

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हाउस ऑफ हिमालयाज की 6वीं बोर्ड बैठक सम्पन्न, कई अहम प्रस्तावों को मिली स्वीकृति
Spread the love

देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में आज सचिवालय में हाउस ऑफ हिमालयाज की 6वीं बोर्ड बैठक आयोजित हुई। बैठक के दौरान अध्यक्ष श्री आनन्द बर्द्धन एवं निदेशक मंडल द्वारा विभिन्न प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। बैठक में अपर सचिव एवं प्रबंध निदेशक सुश्री झरना कमठान ने हाउस ऑफ हिमालयाज की अब तक की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

मुख्य सचिव ने कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज से अधिक से अधिक क्लस्टर लेवल फेडरेशन्स (CLF) एवं स्वयं सहायता समूहों (SHG) को जोड़कर उन्हें इस पहल का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने CLF एवं SHG को और अधिक सशक्त किए जाने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने निर्देश दिए कि CLF एवं SHG के उत्पादों के भुगतान को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उनका भुगतान अतिशीघ्र सुनिश्चित किया जाए। उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जीआई टैगिंग एवं जैविक प्रमाणीकरण के महत्व पर बल देते हुए उन्होंने इस दिशा में ठोस कार्य किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही, उत्पादों के एमआरपी निर्धारण के लिए एक प्रभावी मैकेनिज्म तैयार करने की भी बात कही।

मुख्य सचिव ने हाउस ऑफ हिमालयाज की वेयरहाउस एवं स्टोरेज क्षमता बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि गढ़वाल एवं कुमाऊं क्षेत्र के साथ-साथ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली एवं एनसीआर में भी एक बड़ा वेयरहाउस हब स्थापित किया जाना चाहिए। इसके लिए आवश्यक कदम शीघ्र उठाए जाएं।

उन्होंने रॉ मटीरियल एवं उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सगंध पौधा केंद्र एवं दून सिल्क फेडरेशन के साथ शीघ्र एमओयू किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही, एयरपोर्ट्स एवं मेट्रो स्टेशनों पर आउटलेट्स की संख्या बढ़ाने तथा विभिन्न राज्यों में बन रहे यूनिटी मॉल्स में हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पादों के लिए आउटलेट्स स्थापित करने पर जोर दिया।

मुख्य सचिव ने कहा कि सभी आउटलेट्स को उत्पाद बिक्री के लक्ष्य दिए जाएं और बेहतर प्रदर्शन करने वाले आउटलेट्स को प्रोत्साहन (इंसेंटिव) प्रदान किया जाए, ताकि अन्य आउटलेट कर्मियों को भी प्रेरणा मिल सके।

बैठक में पूर्व मुख्य सचिव श्री इंदु कुमार पाण्डेय, पूर्व निदेशक एलबीएसएनएए श्री राजीव चोपड़ा, सचिव श्री धीराज सिंह गर्ब्याल, अपर सचिव श्री हिमांशु खुराना सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles