बेसहारा पशुओं पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन को लेकर मुख्य सचिव ने ली समीक्षा बैठक
देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा बेसहारा पशुओं के संबंध में दिए गए निर्देशों के क्रम में संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सार्वजनिक एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों से कुत्तों एवं गोवंश के संबंध में माननीय न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप यथोचित कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को क्षेत्रवार नोडल अधिकारी तैनात करने के निर्देश देते हुए कहा कि विशेष रूप से देहरादून, हरिद्वार, रुद्रपुर और काशीपुर जैसे बड़े शहरों में आवारा कुत्तों के संबंध में न्यायालय के आदेशों का सख्ती से अनुपालन किया जाए तथा आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएं।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों पर लावारिस कुत्तों एवं गोवंश के संबंध में अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए क्रिटिकल स्थलों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बेसहारा गोवंश के संरक्षण के लिए कांजीहाउस तैयार किए जाने एवं उनके संचालन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
मुख्य सचिव ने सचिव परिवहन को निर्देशित किया कि विभाग द्वारा सभी बस टर्मिनलों, रेलवे स्टेशनों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में स्थानीय निकायों के सहयोग से बेसहारा पशुओं एवं गोवंश के संबंध में यथोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने स्थानीय नागरिकों को इन बेसहारा पशुओं को गोद लेने के लिए प्रेरित करने हेतु जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही पालतू पशु रखने वालों के लिए ‘क्या करें, क्या न करें’ संबंधी एसओपी तैयार करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सचिव श्री नितेश कुमार झा, डॉ. आर. राजेश कुमार, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, अपर सचिव श्री विनीत कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

