मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून जनपद के विकास कार्यों की समीक्षा की, समन्वय व समयबद्धता पर दिया जोर

मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून जनपद के विकास कार्यों की समीक्षा की, समन्वय व समयबद्धता पर दिया जोर
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज वन मुख्यालय स्थित मंथन सभागार में देहरादून जनपद के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों से जुड़े निर्माण कार्यों के दौरान बिजली, पानी, गैस की भूमिगत लाइन सहित अन्य सभी आवश्यक कार्य आपसी समन्वय से निर्धारित समयावधि में पूरे किए जाएं। उन्होंने सभी विभागों को वर्षभर में प्रस्तावित कार्यों की सूची बनाकर उसी के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी देहरादून को निर्देशित किया कि ठोस कार्ययोजना और समय-सीमा तय किए बिना किसी भी कार्य की अनुमति न दी जाए तथा आंतरिक सड़कों के रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, परिवार रजिस्टर, बिजली बिल और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों के नियमित सत्यापन के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के गलत तरीके से दस्तावेज बनाए गए हैं, उन्हें निरस्त करने की कार्रवाई निरंतर की जाए और गलत प्रमाण पत्र जारी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही जिला प्रशासन, वन विभाग, MDDA एवं नगर निगम को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रखने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने नियमित विकास कार्यों के साथ-साथ नवाचार आधारित योजनाओं को प्राथमिकता देने पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों एवं कॉरिडोर के विस्तार और सुधार से देहरादून की कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिससे पर्यटकों और आमजन की आवाजाही में वृद्धि होगी। भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं को और गति देने की आवश्यकता बताते हुए उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श कर योजनाओं पर कार्य करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से जनसमस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा और यह निर्देश दिए कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ अवश्य मिले। उन्होंने स्पष्ट किया कि पारदर्शिता, समयबद्धता और जनहित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इन उद्देश्यों की पूर्ति के लिए सभी विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।

शीतकाल को देखते हुए मुख्यमंत्री ने महिलाओं एवं बुजुर्गों के प्रति विशेष संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम के रैन बसेरों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर ठंड से बचाव के लिए अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही पुलिस को यातायात प्रबंधन सुदृढ़ करने, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, नशा मुक्ति अभियान के तहत नियमित जागरूकता और रैंडम चेकिंग के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए और अधिक सशक्त प्रयास करने की आवश्यकता पर जोर दिया। जिलाधिकारी देहरादून श्री सविन बंसल ने जनपद में संचालित विकास कार्यों की प्रगति और प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। उन्होंने बताया कि UCC के अंतर्गत जिले में अब तक 61 हजार पंजीकरण किए जा चुके हैं। सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज 7,662 शिकायतों में से 6,480 का निस्तारण किया जा चुका है और शेष शिकायतों का समयबद्ध समाधान किया जा रहा है। जिले में कुल 57 हेक्टेयर अतिक्रमित भूमि में से 47 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जा चुका है।

डीएम ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के चार प्रमुख प्रोजेक्ट सहित रिस्पना एवं बिंदाल एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजनाएं प्रगति पर हैं। पांवटा साहिब-बल्लूपुर फ्लाईओवर निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, जबकि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे से जुड़ने वाली फोर लेन ग्रीनफील्ड सड़क का निर्माण कार्य भी जारी है। जिला चिकित्सालय गांधी शताब्दी में मॉडल टीकाकरण केंद्र, रक्त गरुड़ वाहन सेवा और 12 बेडेड SNCU की स्थापना की गई है।

प्रोजेक्ट उत्कर्ष के अंतर्गत सरकारी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं और खेल सामग्री की व्यवस्था की गई है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों का चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण किया गया है। परेड ग्राउंड, तिब्बती मार्केट और दून अस्पताल में ऑटोमेटिक पार्किंग का निर्माण भी किया गया है।

बैठक में राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल, विधायक श्री खजान दास, श्री विनोद चमोली, श्री उमेश शर्मा काऊ, श्रीमती सविता कपूर, श्री बृज भूषण गैरोला, मेयर देहरादून श्री सौरभ थपलियाल, मेयर ऋषिकेश श्री शंभू पासवान, MDDA उपाध्यक्ष श्री बंशीधर तिवारी, मुख्य नगर आयुक्त श्रीमती नामामि बंसल सहित जनपद के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles