माँ पाषण देवी मैया का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा, 21 जनवरी को विशाल भंडारा

माँ पाषण देवी मैया का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा, 21 जनवरी को विशाल भंडारा
Spread the love

रिपोर्ट: ललित जोशी

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल स्थित माँ पाषण देवी मंदिर में मैया का जन्मोत्सव बड़े श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। जन्मोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में व्यापक तैयारियाँ की गई हैं तथा मंदिर को आकर्षक विद्युत लड़ियों से सजाया गया है।

मंदिर के मुख्य पुजारी जगदीश भट्ट ने बताया कि माँ पाषण देवी मैया के जन्मोत्सव के अवसर पर सुबह से ही विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। इस दौरान अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया है, जिसका पारायण 21 जनवरी को किया जाएगा। इसके पश्चात दोपहर में यज्ञ, पूजा-अर्चना कर कन्या देवी को भोग अर्पित किया जाएगा और फिर विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
उन्होंने क्षेत्रवासियों एवं माँ के सभी भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।

उल्लेखनीय है कि माँ पाषण देवी मंदिर पत्थरों की खुदाई कर निर्मित एक प्राचीन एवं आस्था का केंद्र है। पूर्व मुख्यमंत्री बी.सी. खंडूरी एवं उनके परिवार का इस मंदिर से विशेष लगाव रहा है। जब भी खंडूरी परिवार नैनीताल आता है, माँ पाषण देवी के दर्शन अवश्य करता है। हाल ही में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भी अपने परिवार के साथ नैनीताल प्रवास के दौरान माँ के दर्शन हेतु मंदिर पहुँची थीं। इतना ही नहीं, प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं अन्य मंत्री भी यहाँ दर्शन करने आते रहे हैं।

इसके साथ ही 21 जनवरी को बाबा नीम करौली महाराज के स्थापना दिवस के अवसर पर मालपुआ का प्रसाद भी वितरित किया जाएगा। इसी दिन बाबा नीम करौली महाराज की मूर्ति की स्थापना की गई थी। इस पावन अवसर को लेकर माँ के भक्तों ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं।

देवभूमि खबर

Related articles