REAP-ग्रामोत्थान की समीक्षा में मंत्री गणेश जोशी सख्त, बजट का शत-प्रतिशत उपयोग व महिला सशक्तिकरण पर जोर

REAP-ग्रामोत्थान की समीक्षा में मंत्री गणेश जोशी सख्त, बजट का शत-प्रतिशत उपयोग व महिला सशक्तिकरण पर जोर
Spread the love

देहरादून। ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने अपने कैंप कार्यालय में ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत संचालित रूरल एंटरप्राइज एक्सेलेरेशन प्रोजेक्ट–ग्रामोत्थान (REAP) की विभागीय समीक्षा की। बैठक में मंत्री ने परियोजना के तहत संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंत्री गणेश जोशी ने योजना के अंतर्गत आवंटित वित्तीय बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना और अंतिम छोर तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कार्यों में तेजी, पारदर्शिता और प्रभावी मॉनिटरिंग पर विशेष बल दिया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक महिलाओं को क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF), किसान उत्पादक संगठन (FPO) एवं स्वयं सहायता समूहों (SHGs) से जोड़ा जाए। मंत्री ने कहा कि महिलाओं के स्वरोजगार एवं आजीविका संवर्धन के लिए ठोस और परिणामोन्मुखी प्रयास किए जाएं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।

मंत्री जोशी ने वे-साइड एमिनिटी (Way Side Amenity) निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए, ताकि स्थानीय उत्पादों के विपणन को बढ़ावा मिल सके और ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हों।
उन्होंने कृषि एवं गैर-कृषि आधारित क्लस्टर-आधारित उद्यमों के विकास पर विशेष बल देते हुए चयनित वैल्यू चेन के माध्यम से ग्रामीण उद्यमिता को मजबूती देने की बात कही। “पशु सखी” जैसी पहलों के माध्यम से डिजिटल सशक्तिकरण को गति देने तथा पशुपालकों को मोबाइल फोन वितरण और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के निर्देश भी दिए, ताकि उत्पादकता और आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में परियोजना निदेशक झरना कमठान, वित्त नियंत्रक भूपेंद्र कांडपाल, उप निदेशक रिप महेंद्र सिंह यादव सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles