पौड़ी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की रैली, मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

पौड़ी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ती/सेविका/मिनी कर्मचारी संगठन उत्तराखंड के बैनर तले जनपद पौड़ी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एक दिवसीय रैली निकाली। रैली के माध्यम से जिलाधिकारी के जरिए मुख्यमंत्री एवं विभागीय मंत्री रेखा आर्य को ज्ञापन प्रेषित किया गया। रैली में जिले भर की बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से तीन मांगें रखी गईं। पहली मांग के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में राज्य सरकार द्वारा 140 रुपये प्रतिदिन की वृद्धि किए जाने तथा केंद्र सरकार को 150 रुपये प्रतिदिन वृद्धि का प्रस्ताव भेजे जाने की मांग की गई।
दूसरी मांग में कहा गया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बिना अतिरिक्त अर्हता पूरी किए सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये देने संबंधी शासनादेश जारी होने के बाद ही विभाग द्वारा 300 रुपये की कटौती का प्रस्ताव पारित किया जाए। अन्यथा उनके खातों से 300 रुपये की कटौती न की जाए।
तीसरी मांग के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बायोमेट्रिक मशीन से न जोड़े जाने की मांग उठाई गई।
रैली के दौरान जिला अध्यक्ष पिंकी सिंह ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का शोषण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन को विधानसभा एवं मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
इस अवसर पर जिला महामंत्री नीलम खत्री, जिला उपाध्यक्ष मंजू मौर्य, ब्लॉक अध्यक्ष ममता चौहान (रायपुर), अर्चना शर्मा (शहर), रविता चौहान (चकराता), कीर्तना (कालसी), रेखा रावत, पुष्पा नेगी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने सरकार से शीघ्र निर्णय लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों को पूरा करने की अपील की है।

