एसएसपी मंजुनाथ टीसी का सख्त संदेश: “काम नहीं तो दाम नहीं”, होली-रमजान पर कड़ी निगरानी के निर्देश
नैनीताल। एसएसपी मंजुनाथ टीसी द्वारा कोतवाली मीटिंग हॉल में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित कर थाना प्रभारियों को कड़े निर्देश दिए गए। बैठक में जनपद की कानून-व्यवस्था, लंबित विवेचनाओं एवं आगामी होली और रमजान पर्व को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। गोष्ठी से पूर्व कर्मचारी सम्मेलन में पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के आदेश भी दिए गए।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि यदि क्षेत्र में अपराध होता है तो बीट कॉन्स्टेबल से लेकर हल्का प्रभारी तक की जवाबदेही तय की जाएगी। ड्यूटी के दौरान मोबाइल का अनावश्यक प्रयोग और लापरवाही बरतने वालों पर “नो वर्क नो पे” की नीति लागू की जाएगी। महिला अपराध, साइबर ठगी और नशे के खिलाफ अभियान तेज करने, हिस्ट्रीशीटरों की सतत निगरानी और सत्यापन के निर्देश भी दिए गए। यातायात व्यवस्था में नशे में ड्राइविंग, स्टंटबाजी और ओवरस्पीडिंग पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने तथा रात्रि चेकिंग में एल्कोमीटर के अनिवार्य प्रयोग के निर्देश दिए गए।
आगामी त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, शराब पीकर उत्पात मचाने एवं सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया सेल को अफवाह फैलाने वालों पर निगरानी के लिए सक्रिय किया गया है। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों को पिकेट, मोबाइल ड्यूटी और पैदल गश्त में तैनात किया जाएगा। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें अनिवार्य रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने हेतु 39 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवा सम्मान के तहत प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही पुलिस परिवार के 14 मेधावी विद्यार्थियों को शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छात्रवृत्ति राशि देकर सम्मानित किया गया।
एसएसपी ने कहा, “आमजन की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। होली का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।”
गोष्ठी में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल सहित अन्य अधिकारी, सीओ, अग्निशमन अधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक, एलआईयू, पुलिस दूरसंचार एवं सभी थाना-चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

