रोड कटिंग कार्यों पर सख्ती: सुबोध उनियाल के निर्देश—निर्माण साइट पर जूनियर अभियंता की उपस्थिति अनिवार्य, मानक उल्लंघन पर भारी जुर्माना
देहरादून। प्रभारी मंत्री देहरादून सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में मंथन सभागार में रोड कटिंग कार्यों की समीक्षा एवं नए रोड कटिंग कार्यों की अनुमति के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंत्री ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि अप्रैल माह तक संचालित निर्माण कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं।
उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि निर्माण एजेंसियों को सशर्त अनुमति जारी करते हुए निर्धारित शर्तों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। मानकों के अनुरूप कार्य न करने वाली एजेंसियों पर भारी अर्थदंड लगाते हुए आरसी के माध्यम से वसूली की जाए। साथ ही अनुमति जारी करते समय एजेंसियों से शपथ पत्र लिया जाए कि वे निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण करेंगी। मानकों के उल्लंघन पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
मंत्री ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय एवं इंटीग्रेटेड प्लान के तहत कार्य करें ताकि बार-बार सड़क न खोदी जाए। निर्माण स्थलों की प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक साइट पर सुपरविजन हेतु जूनियर अभियंता की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। सड़क क्षतिग्रस्त होने की शिकायत पर निर्माण उपरांत सड़क को निर्धारित मानकों के अनुसार कम्प्रेस करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में लोनिवि, यूपीसीएल, पिटकुल, जल संस्थान, पेयजल निगम, स्मार्ट सिटी लिमिटेड सहित अन्य विभागों को समन्वित कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। गैस पाइपलाइन परियोजना पर जानकारी देते हुए गैल गैस लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने बताया कि 65 हजार किमी नेटवर्क पर कार्य प्रगति पर है। प्रारंभिक चरण में 38 हजार घरों को जोड़ना है, जिनमें से 2500 घरों को कनेक्शन दिया जा चुका है।
बैठक में यह भी सामने आया कि कई स्थानों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक एवं रिफ्लेक्टर जैसे सुरक्षा मानकों का पालन न होने से समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। वर्तमान में जिला प्रशासन द्वारा शहर में निर्माण कार्यों हेतु पूर्व में जारी सभी अनुमतियां निरस्त कर दी गई हैं।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने मंत्री एवं विधायकगणों के मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रोड कटिंग अनुमति एवं शर्तों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। बैठक में विधायक राजपुर खजानदास, रायपुर उमेश शर्मा काऊ, देहरादून कैंट सविता कपूर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

