रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग के सुमाड़ी क्षेत्र में महिला और उसके 9 वर्षीय पुत्र की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने घरेलू विवाद के चलते महिला और उसके बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी थी।
पुलिस के अनुसार दिनांक 06 मार्च 2026 को शाम 7:33 बजे चौकी प्रभारी जखोली को योगेंद्र सिंह पुत्र स्व. अमर सिंह निवासी सुमाड़ी, पोस्ट तिलवाड़ा, थाना व जिला रुद्रप्रयाग द्वारा दूरभाष पर सूचना दी गई कि उनके हाईडिल कॉलोनी के निकट स्थित मकान में किराए पर रह रहा नेपाली व्यक्ति दीपक बहादुर पिछले एक माह से अपनी पत्नी और करीब 9 वर्षीय बेटे के साथ रह रहा था।
स्थानीय लोगों ने मकान के आसपास से दुर्गंध आने की सूचना दी। इस पर मकान मालिक योगेंद्र सिंह अपने परिचितों के साथ कमरे पर पहुंचे तो देखा कि कमरे का दरवाजा खुला था और सामान बिखरा हुआ था। कमरे के अंदर से तेज सड़ांध आ रही थी। अंदर जाकर देखने पर दीपक बहादुर की पत्नी और बेटा जमीन पर कंबल के भीतर मृत अवस्था में पड़े मिले, जबकि आरोपी दीपक बहादुर फरार था।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी जखोली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मोबाइल फोरेंसिक टीम को बुलाकर मौके की जांच कराई गई तथा दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया।
इस संबंध में 07 मार्च 2026 को कोतवाली रुद्रप्रयाग में मुकदमा अपराध संख्या 12/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत दीपक बहादुर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देश पर फरार आरोपी की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे के लिए निरीक्षक राकेन्द्र सिंह कठैत व उपनिरीक्षक जयवीर सिंह रावत के नेतृत्व में दो पुलिस टीमों का गठन किया गया।
गठित टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों और गहन तलाश के आधार पर नामजद आरोपी दीपक बहादुर उर्फ दिल बहादुर पुत्र स्व. बल बहादुर निवासी वेस्टडा वार्ड नंबर 4, गांव पालिका भगवती माई, थाना वेस्टडा जिला दैलेख, अंचल करनाली (नेपाल) हाल निवासी किरायेदार ग्राम सुमाड़ी, जनपद रुद्रप्रयाग को 8 मार्च 2026 की शाम दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले से शादीशुदा है और उसकी पत्नी व तीन बच्चे नेपाल में रहते हैं। मृतका कमला शाही भी पूर्व से विवाहित थी और उसके दो बच्चे थे, जिनमें से एक रोशन सिंह इस घटना में मृत पाया गया। वर्ष 2025 में दोनों की फेसबुक के माध्यम से पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रहने लगे थे। पहले वे मोरी (उत्तरकाशी) में रह रहे थे और पिछले लगभग एक माह से सुमाड़ी में किराए के कमरे में रह रहे थे।
आरोपी ने बताया कि दोनों के बीच अक्सर घरेलू बातों को लेकर विवाद होता रहता था। 4 मार्च 2026 की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच वह कमरे पर लौटा और किसी घरेलू बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा और हाथापाई हो गई। इसी दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर कमला शाही का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने रोशन सिंह का भी गला दबाकर मार डाला और दोनों शवों पर कंबल डालकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम में पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर के पर्यवेक्षण में निरीक्षक सुरेश चन्द्र बलूनी (एसएचओ रुद्रप्रयाग), निरीक्षक मनोज नेगी (एसएचओ ऊखीमठ), उपनिरीक्षक कुलदीप पंत, उपनिरीक्षक रणजीत खनेड़ा (एसओजी), उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, उपनिरीक्षक मुकेश डिमरी, अपर उपनिरीक्षक जावेद अली, मुख्य आरक्षी नवनीत (साइबर सेल), आरक्षी महेश, आरक्षी विनय पंवार (एसओजी), आरक्षी दीपक नौटियाल (साइबर सेल), आरक्षी देवेंद्र सिंह (एसओजी) और आरक्षी रविन्द्र सिंह (एसओजी) शामिल रहे।
गिरफ्तार करने वाली टीम में निरीक्षक राकेन्द्र सिंह कठैत (एसएचओ सोनप्रयाग), उपनिरीक्षक महेश सिंह रावत, आरक्षी राकेश, आरक्षी सतवीर शर्मा और चालक संतोष सिंह शामिल रहे।

