
ऊधमसिंहनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक काशीपुर कार्यालय में कोतवाली काशीपुर के समस्त विवेचकों का OR लेकर उनके कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लंबित विवेचनाओं, अभियुक्तों की गिरफ्तारी, साक्ष्य संकलन तथा न्यायालय में प्रस्तुत की जाने वाली चार्जशीटों की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
समीक्षा बैठक में एसएसपी अजय गणपति ने विवेचकों को निर्देशित किया कि लंबित विवेचनाओं का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पुराने प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाया जाए। उन्होंने कहा कि विवेचना के दौरान भौतिक, मौखिक और तकनीकी साक्ष्यों का समयबद्ध संकलन करते हुए केस डायरी को नियमित रूप से अद्यतन रखा जाए।
एसएसपी ने यह भी निर्देश दिए कि जिन मामलों में अभियुक्तों की गिरफ्तारी शेष है, उनमें शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और विवेचना पूर्ण होने पर समयबद्ध तरीके से न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया जाए। उन्होंने हत्या, लूट, चोरी, महिला अपराध, साइबर अपराध सहित अन्य संगीन मामलों की विवेचनाओं में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने विवेचकों को यह भी कहा कि विवेचना के दौरान पीड़ित अथवा वादी से नियमित संपर्क बनाए रखें और उन्हें मामले की प्रगति से अवगत कराते रहें, जिससे आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो सके।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट चेतावनी दी कि विवेचना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक विलंब या त्रुटि पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर संबंधित अधिकारीगण तथा कोतवाली काशीपुर के समस्त विवेचक उपस्थित रहे।

