सीएम हेल्पलाइन शिकायतों पर सख्ती, 30 दिन से लंबित मामलों के निस्तारण को जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश

चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सीएम हेल्पलाइन 1905 पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में 30 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारियों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा सुनिश्चित की जाए और उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को हेल्पलाइन मोबाइल ऐप डाउनलोड कर नियमित मॉनिटरिंग करने को भी कहा, ताकि शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना पर्याप्त कार्रवाई के शिकायतों को फोर्स क्लोज न किया जाए। इसके लिए विभागाध्यक्ष की संस्तुति अनिवार्य होगी और नियमों के उल्लंघन पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। प्रत्येक शिकायत का समाधान शिकायतकर्ता की संतुष्टि तक करना जरूरी बताया गया।
जिलाधिकारी ने विभागाध्यक्ष स्तर पर साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित करने, शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर फीडबैक लेने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सुझाव एवं मांग को शिकायतों की श्रेणी से अलग रखने को कहा गया।
उन्होंने बताया कि जनपद में सड़क निर्माण में देरी, पेयजल और विद्युत आपूर्ति की समस्याएं तथा आपदा मुआवजे से जुड़ी शिकायतें अधिक प्राप्त हो रही हैं। इनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किए जाने से जहां मूलभूत सुविधाओं का विकास होगा, वहीं लोगों की समस्याओं का भी निराकरण होगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, डीएफओ सर्वेश दुबे, डीडीओ केके पंत, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

