सिडकुल में नाबालिगों से बंधुआ मजदूरी का मामला, प्लांट हेड गिरफ्तार; वीडियो साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज

सिडकुल में नाबालिगों से बंधुआ मजदूरी का मामला, प्लांट हेड गिरफ्तार; वीडियो साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज
Spread the love

हरिद्वार। थाना सिडकुल क्षेत्र में नाबालिग युवतियों से जुड़े गंभीर मामले में हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्लांट हेड रजनीश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 24 मार्च 2026 को कार्तिक एंटरप्राइजेज कंपनी में कार्यरत कुछ महिलाओं एवं युवतियों ने थाना सिडकुल पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कंपनी के प्लांट हेड रजनीश शर्मा व अन्य द्वारा दो नाबालिग युवतियों के आधार कार्ड में उम्र बढ़ाकर उन्हें काम पर रखा गया। साथ ही 24 मार्च को उक्त युवतियों को ऑफिस में बुलाकर उनकी तलाशी ली गई, दुपट्टे से हाथ-पांव बांधकर मारपीट की गई तथा उन्हें अपमानित किया गया।

पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 113/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। मामले की जांच के दौरान 26 मार्च 2026 को मुख्य आरोपी रजनीश शर्मा को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से घटना से संबंधित वीडियो साक्ष्य बरामद हुए, जिनमें नाबालिगों के साथ कथित मारपीट और बंधक बनाने के दृश्य पाए गए।

इसके अतिरिक्त जांच में यह भी सामने आया कि पीड़िताओं के दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर उनकी उम्र बढ़ाई गई थी और उनसे वेल्डिंग मशीन जैसे खतरनाक कार्य कराए जा रहे थे। पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है और विधिक कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रजनीश शर्मा (42 वर्ष) पुत्र महिपाल शर्मा निवासी रामपुर जेवर, थाना जेवर, जिला गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) हाल निवासी पीठ बाजार, थाना बहादराबाद के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार प्रकरण में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

देवभूमि खबर

Related articles