देहरादून में पीआरडी जवानों का धरना 13वें दिन जारी, मांगों को लेकर सरकार से जल्द निर्णय की मांगदेहरादून:

देहरादून में पीआरडी जवानों का धरना 13वें दिन जारी, मांगों को लेकर सरकार से जल्द निर्णय की मांगदेहरादून:
Spread the love

देहरादून।प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन उत्तराखंड के बैनर तले पीआरडी जवानों का दो सूत्रीय मांगों को लेकर धरना 13वें दिन भी एकता विहार, देहरादून में जारी रहा। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में पीआरडी जवानों के साथ मातृशक्ति की भी उपस्थिति रही। आंदोलन के दौरान हाल ही में दिवंगत हुए पीआरडी जवान सुनील रतूड़ी और अनिल नेगी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

प्रदेश संयोजक मंडल के प्रमोद कुमार मंदरवाल, संजय सिंह पवार, नवीन बिष्ट और पूर्व जिला अध्यक्ष गंभीर सिंह रावत के नेतृत्व में उपस्थित जवानों ने दिवंगत साथियों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति और परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। वक्ताओं ने कहा कि पीआरडी जवान लगातार आपदा, थाना-चौकी ड्यूटी, सचिवालय और कोविड काल जैसे कठिन समय में अपनी सेवाएं देते रहे हैं, बावजूद इसके उन्हें अपेक्षित सुविधाएं और सम्मान नहीं मिल पा रहा है।

धरने के दौरान संगठन पदाधिकारियों ने सरकार से अपील की कि पीआरडी जवानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय लिया जाए। उन्होंने कहा कि जवान सीमित वेतन में 10 से 15 घंटे तक ड्यूटी कर प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था में अहम भूमिका निभाते हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान अब तक लंबित है।

वक्ताओं ने यह भी कहा कि कई जवान ड्यूटी के दौरान या दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवा चुके हैं, ऐसे में सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

धरने में विनोद तोमर, सुधीर तोमर, सरिता राय, अंजना कंडारी, जसपाल वर्मा, सुशील कैंतूरा, गीता रावत सहित बड़ी संख्या में पीआरडी जवान मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles