3 हजार की रिश्वत लेते नगर निगम का सफाई नायक विजिलेंस ट्रैप में गिरफ्तार
देहरादून। टोल फ्री नम्बर 1064 पर की गई शिकायत के आधार पर सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने नगर निगम देहरादून के सुपरवाइजर/सफाई नायक अंकुश कुमार को 3 हजार रुपये की अवैध रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
शिकायतकर्ता ने शिकायत में बताया था कि उसकी चांदचक रोड, बंजारावाला में ऑटो पार्ट्स की दुकान है। दुकान के पास पानी फैले होने पर आरोपी द्वारा उत्तराखंड कूड़ा फेंकना एवं थूकना प्रतिषेध अधिनियम-2016 के तहत 10 हजार रुपये का चालान किया गया था। आरोप है कि चालान निपटाने के एवज में आरोपी अंकुश कुमार ने 3 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।
शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर देहरादून द्वारा ट्रैप टीम का गठन किया गया।
ट्रैप टीम ने रविवार 25 मई 2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपी सुपरवाइजर/सफाई नायक अंकुश कुमार को शिकायतकर्ता से 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

