युवक का अपहरण कर मारपीट और लूट करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार
देहरादून।कोतवाली सहसपुर पुलिस ने युवक का अपहरण कर मारपीट और लूट की घटना को अंजाम देने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 मई 2026 को वादी अब्दुल सलाम पुत्र जागीर हसन निवासी ग्राम केदारावाला, सहसपुर ने कोतवाली सहसपुर में तहरीर देकर बताया कि राघव नामक युवक और उसके 6-7 साथियों ने बालूवाला क्षेत्र में उनकी मोटरसाइकिल रोककर उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि अभियुक्त उन्हें जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर शंकरपुर की ओर ले गए तथा गाली-गलौज और धमकी देते हुए उनके पास रखे 5 हजार रुपये लूट लिए।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने धारा 115(2), 126(2), 351(3), 352, 191(2), 191(3), 140(3) और 309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून पुलिस द्वारा तत्काल पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर नामजद अभियुक्त राघव शर्मा पुत्र संजय शर्मा निवासी कोटला, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश, हाल निवासी बंजारा गली, सेलाकुई देहरादून को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार मामले में अन्य अभियुक्तों के खिलाफ भी साक्ष्य संकलन की कार्रवाई जारी है तथा उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक नीरज कुमार, हेड कांस्टेबल डब्बल सिंह तथा कांस्टेबल त्रेपन सिंह शामिल रहे।

