विदेशी मुद्रा दिलाने के नाम पर साइबर ठगी, अंतरराज्यीय आरोपी पुणे से गिरफ्तार

विदेशी मुद्रा दिलाने के नाम पर साइबर ठगी, अंतरराज्यीय आरोपी पुणे से गिरफ्तार
Spread the love

श्रीनगर। विदेशी मुद्रा को कस्टम विभाग से छुड़ाने के नाम पर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय आरोपी को पौड़ी पुलिस ने महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

प्रकरण के अनुसार, 22 नवंबर 2025 को श्रीनगर निवासी वी.पी. थपलियाल ने कोतवाली श्रीनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा विदेशी मुद्रा दिलाने के नाम पर उनसे ₹5.15 लाख की साइबर धोखाधड़ी की गई है। मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मु0अ0सं0 73/2025, धारा 318(4) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया।

साइबर अपराधों में त्वरित कार्रवाई के तहत अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान राजेन्द्र शिरसाट निवासी थाणे, महाराष्ट्र के रूप में की, जिसके बैंक खाते में ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी। गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम पुणे रवाना हुई, जहां आरोपी बार-बार ठिकाना बदलकर रह रहा था। लगातार प्रयासों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे मयूर दर्शन, पुणे स्थित उसके वर्तमान ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपने बैंक खाते में ₹4,09,250 की धनराशि प्राप्त होने और उसका उपयोग करने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

मामले में एक अन्य आरोपी रोहित रमेश सुतार, निवासी चिंचवड, पुणे के विरुद्ध भी धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक बीरेन्द्र बृजवाल, मुख्य आरक्षी हर्षवर्धन राणा एवं साइबर सेल श्रीनगर के आरक्षी गौरव शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles