नंदा की चौकी में 12 घंटे में बहाल हुआ आवागमन

देहरादून । नंदा की चौकी स्थित पुल की एप्रोच रोड भारी बारिश के कारण मंगलवार सुबह क्षतिग्रस्त होने के बाद धामी सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर आवागमन बहाल कर दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग, जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियों ने युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य चलाकर मार्ग को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया।
मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे भारी वर्षा के चलते पुल की एप्रोच रोड का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे आवाजाही प्रभावित हुई। सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल राहत एवं पुनर्स्थापन कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। समन्वित प्रयासों से रिकॉर्ड समय में मरम्मत पूरी कर मार्ग को सुचारु कर दिया गया। मार्ग खुलने के बाद आवश्यक सेवाएं सामान्य हुईं और एक एम्बुलेंस भी बिना किसी बाधा के मरीज को अस्पताल पहुंचाने में सफल रही।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आपदा की स्थिति में राहत एवं पुनर्स्थापन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक तकनीकी और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुल, एप्रोच रोड और निर्माण कार्य से जुड़े जिम्मेदार अधिकारियों तथा ठेकेदार से स्पष्टीकरण भी तलब किया गया है। जांच में यदि किसी स्तर पर लापरवाही या निर्माण मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने त्वरित मरम्मत कार्य के लिए सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर की गई कार्रवाई से आमजन को बड़ी राहत मिली है।
