रायवाला में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

ऋषिकेश आबकारी टीम ने रायवाला क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ सघन अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। आबकारी निरीक्षक श्रीमती प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर प्रतीक नगर स्थित एक मकान में छापेमारी कर अवैध शराब बेच रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
छापेमारी के दौरान आरोपी के कब्जे से 24 पव्वे मैकडॉवेल नंबर-1, 16 पव्वे रॉयल स्टेग अंग्रेजी शराब, 145 माल्टा टेट्रा पाउच देशी शराब तथा 12 कैन किंगफिशर बीयर बरामद की गई। कुल मिलाकर करीब पांच पेटी अवैध शराब जब्त की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जय सिंह भंडारी पुत्र धन सिंह भंडारी, निवासी प्रतीक नगर, थाना रायवाला, जनपद देहरादून बताया। आबकारी विभाग ने आरोपी के विरुद्ध उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

