उत्तराखंड रेशम विभाग को राष्ट्रीय स्कोच अवार्ड, कृषि मंत्री गणेश जोशी ने दी बधाई
देहरादून। उत्तराखंड के रेशम विभाग को राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित स्कोच अवार्ड से सम्मानित किए जाने पर प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है। उन्होंने इसे राज्य के लिए गर्व का विषय बताते हुए रेशम कीट बीज उत्पादन में आत्मनिर्भरता को बड़ी उपलब्धि करार दिया।
मंगलवार को देहरादून स्थित न्यू कैंट रोड स्थित कैंप कार्यालय में रेशम विभाग के निदेशक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों ने स्कोच अवार्ड कृषि मंत्री को समर्पित किया। इस दौरान विभाग द्वारा उत्तराखंड में रेशम कीट बीज उत्पादन के क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी दी गई।
निदेशक प्रदीप कुमार ने बताया कि रेशम कीट बीज उत्पादन कार्यक्रम के तहत उच्च गुणवत्ता के बीज तैयार कर प्रदेश के सभी जनपदों के कीटपालकों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे जुड़े लगभग 100 कृषकों को आर्थिक लाभ भी मिल रहा है।
कृषि मंत्री ने विभाग द्वारा रोजगारपरक योजनाओं के सफल क्रियान्वयन की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि राज्य में स्वरोजगार और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर सहायक निदेशक विनोद तिवारी, डॉ. बी.पी. गुप्ता, उम्मेद सिंह, वीरेन्द्र कुमार सकलानी, सुप्रिया रावत, ऑचल, सावित्री देवी और बसंती देवी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

